Full Story
तिरुवनंतपुरम। रिकॉर्डों की किताब में विराट कोहली ने रविवार को एक और सुनहरा पन्ना जोड़ते हुए अल्जारी जोसेफ की शॉर्ट गेंद को मिड-विकेट के ऊपर से चौके के लिए भेजकर वनडे क्रिकेट में 15,000 रन पूरे किए और सचिन तेंदुलकर के बाद इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बनने के साथ ही पारियों के लिहाज से सबसे तेज ‘15 हजारी’ भी बन गए। शॉर्ट बॉल, पुल शॉट और बन गया इतिहास ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में वह पल खास था। अल्जारी जोसेफ ने कोहली को शॉर्ट गेंद फेंकी और विराट ने पीछे हटने या गेंद को छोड़ने के बजाय अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में उस पर हमला बोल दिया। गेंद मिड-विकेट के ऊपर से सीमा रेखा के पार गई और इसी चौके के साथ कोहली के वनडे करियर में 15,000 रन पूरे हो गए। स्टेडियम में मौजूद दर्शक खड़े होकर तालियां बजाने लगे। कोहली ने भी दोनों हाथ उठाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया और फिर बल्लेबाजी के लिए तैयार हो गए। सचिन को 377 पारियां, विराट को सिर्फ 303 इस उपलब्धि को और खास इसके पीछे छुपे आंकड़े बनाते हैं। सचिन तेंदुलकर को वनडे में 15,000 रन तक पहुंचने के लिए 377 पारियां खेलनी पड़ी थीं, जबकि कोहली ने यह आंकड़ा महज 303 पारियों में हासिल कर लिया यानी विराट ने सचिन के मुकाबले 74 पारियां कम खेलकर 15 हजार वनडे रन पूरे किए। गेंदों के मामले में भी कोहली आगे रहे। सचिन ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 17,528 गेंदों का सामना किया था, जबकि विराट ने 15,950 गेंदों में ही 15 हजार रन बना लिए। इस तरह कोहली ने सचिन से 1,578 गेंदें कम खेलकर यह उपलब्धि हासिल की। उम्र में सचिन थे आगे हालांकि इस रिकॉर्ड की कहानी का दूसरा पहलू उम्र और समय से जुड़े आंकड़ों में दिखाई देता है। सचिन तेंदुलकर जब 15 हजार वनडे रन तक पहुंचे थे, तब उनकी उम्र 34 साल 66 दिन थी। वहीं, कोहली ने यह उपलब्धि 37 साल 326 दिन की उम्र में हासिल की। वनडे डेब्यू से 15 हजार रन तक पहुंचने में भी सचिन को कम समय लगा था। तेंदुलकर ने अपने वनडे पदार्पण से इस उपलब्धि तक का सफर 6,402 दिनों में पूरा किया था जबकि विराट को 6,614 दिन लगे यानी पारियों और गेंदों के लिहाज से विराट सबसे तेज रहे, जबकि उम्र और डेब्यू के बाद लगे कुल समय में सचिन पहले इस मुकाम तक पहुंचे थे। 15 हजार के क्लब में सिर्फ दो नाम वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन का आंकड़ा अपने आप में इस उपलब्धि की विशालता बताता है। सचिन तेंदुलकर 18,426 वनडे रन के साथ शीर्ष पर हैं। अब विराट कोहली 15 हजार रन पूरे कर इस विशिष्ट क्लब में शामिल होने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। सचिन की ‘चोटी’ तक विराट की एक और दस्तक सचिन के कई रिकॉर्ड लंबे समय तक ऐसी चोटियों की तरह देखे गए, जहां पहुंचना बेहद मुश्किल माना जाता रहा। विराट ने अपने लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में इन्हीं बड़े आंकड़ों का लगातार पीछा किया है। रविवार को उन्होंने ऐसी ही एक और ऊंचाई छू ली। खास बात यह रही कि विराट ने यह उपलब्धि किसी सिंगल या संभलकर खेले गए शॉट से नहीं, बल्कि शॉर्ट गेंद पर दमदार पुल लगाकर चौके के साथ हासिल की।



Comments
0