Full Story
दुबई/मुंबई। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की देश की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने दुबई गोल्ड एंड कमोडिटीज एक्सचेंज (डीजीसीएक्स) के डेरिवेटिव बाजार ढांचे को आधुनिक, सुरक्षित और भविष्य के अनुरूप बनाने के लिए साझेदारी की है, जिसके तहत ट्रेडिंग, क्लियरिंग और बाजार निगरानी को एकीकृत करने वाला अगली पीढ़ी का प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा। डीजीसीएक्स को मिलेगा अगली पीढ़ी का बाजार ढांचा इस साझेदारी का उद्देश्य डीजीसीएक्स के लिए ऐसा लचीला और बड़े स्तर पर विस्तार योग्य तकनीकी आधार तैयार करना है, जो भविष्य की वृद्धि को गति देने के साथ परिचालन दक्षता बढ़ा सके और नए वित्तीय उत्पादों को तेजी से बाजार में उतारने में मदद करे। नई व्यवस्था से एक्सचेंज की क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार प्रतिभागियों की बदलती जरूरतों को पूरा करने की क्षमता भी मजबूत होगी। यह स्थापित निवेश वर्गों के साथ उभरते एसेट क्लास को भी संभाल सकेगी। एक प्लेटफॉर्म पर ट्रेडिंग, क्लियरिंग और निगरानी टीसीएस ने मंगलवार को बताया कि समझौते के तहत टीसीएस कई तकनीकी समाधानों को एक साथ जोड़कर डीजीसीएक्स को आधुनिक ट्रेडिंग, क्लियरिंग और निगरानी प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगी। केंद्रीय प्रतिपक्ष क्लियरिंग के लिए टीसीएस बीएएनसीएस फॉर मार्केट इन्फ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल होगा। बाजार में हेरफेर, धोखाधड़ी और असामान्य गतिविधियों की पहचान तथा निगरानी के लिए क्वार्ट्ज फॉर सर्विलांस को जोड़ा जाएगा। विभिन्न एसेट में कारोबार के लिए टीसीएस बीएएनसीएस सिक्योरिटीज ट्रेडिंग और उद्योग मानकों के अनुरूप बाजार संपर्क के लिए टीसीएस क्वार्ट्ज गेटवे का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ जेनरेटिव एआई आधारित रिपोर्टिंग, विश्लेषण और निर्णय लेने की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। एक वैश्विक एक्सचेंज भागीदार की ट्रेडिंग और ऑर्डर मिलान तकनीक को भी इस एकीकृत व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। बाजार में हेरफेर और धोखाधड़ी पर पैनी नजर नई तकनीकी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बाजार की निगरानी होगी। क्वार्ट्ज समाधान के माध्यम से संदिग्ध लेन-देन, संभावित बाजार हेरफेर, धोखाधड़ी और असामान्य कारोबारी गतिविधियों का पता लगाने में मदद मिलेगी। मजबूत निगरानी और केंद्रीय क्लियरिंग व्यवस्था से जोखिम प्रबंधन बेहतर होने के साथ बाजार प्रतिभागियों को अधिक भरोसेमंद कारोबारी वातावरण मिलने की उम्मीद है। ऊर्जा से सोने तक, कई बाजारों को मिलेगा समर्थन टीसीएस का प्लेटफॉर्म डीजीसीएक्स के ऊर्जा कमोडिटी, मुद्रा, शेयर, बुलियन और कीमती धातुओं से जुड़े डेरिवेटिव उत्पादों को समर्थन देगा। यह एक्सचेंज के मौजूदा बाजारों को मजबूत करने के साथ नए उत्पाद विकसित करने के लिए जरूरी तकनीकी आधार भी उपलब्ध कराएगा। डीजीसीएक्स इस व्यवस्था के जरिए क्रिप्टो और टोकनाइज्ड एसेट जैसे उभरते निवेश वर्गों तक अपना विस्तार कर सकेगा। गोल्ड स्पॉट टी+0 के बाद अगला बड़ा कदम डीजीसीएक्स ने जून 2026 में गोल्ड स्पॉट टी+0 कॉन्ट्रैक्ट शुरू किया था। विज्ञप्ति के अनुसार, यह खाड़ी सहयोग परिषद क्षेत्र का पहला ऐसा स्पॉट गोल्ड उत्पाद है, जिसमें विनियमित एक्सचेंज पर कारोबार के बाद उसी दिन सोने की वास्तविक डिलीवरी के आधार पर निपटान किया जाता है। नई साझेदारी इस उत्पाद नवाचार को आगे बढ़ाते हुए डीजीसीएक्स को भविष्य में और अधिक वित्तीय उत्पाद तेजी तथा कुशलता से बाजार में उतारने की क्षमता देगी। ‘अगले दौर की वृद्धि का आधार बनेगी साझेदारी’ डीजीसीएक्स के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अहमद बिन सुलेयम ने कहा कि वर्ष 2025 में मजबूत कारोबारी मात्रा और गोल्ड स्पॉट टी+0 जैसे अभिनव उत्पादों की शुरुआत के बाद एक्सचेंज अब अपने बाजार ढांचे को अगले स्तर पर ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीसीएस के साथ साझेदारी डीजीसीएक्स की वृद्धि के अगले चरण के लिए तकनीकी आधार तैयार करेगी। इससे ऊर्जा, मुद्रा, शेयर और कीमती धातु बाजारों में उसकी पेशकश मजबूत होगी तथा नए उत्पाद विकसित करने की क्षमता बढ़ेगी। उनके अनुसार, दुबई पहले से ही कमोडिटी और पूंजी प्रवाह के प्रमुख वैश्विक केंद्रों में शामिल है। डीजीसीएक्स अपने बाजार ढांचे को इस स्थिति के अनुरूप मजबूत करते हुए अधिक क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ना चाहता है। ‘तेज नवाचार के साथ सुरक्षा और मजबूती जरूरी’ टीसीएस के बीएफएसआई प्रोडक्ट्स एंड प्लेटफॉर्म्स के अध्यक्ष आर. विवेकानंद ने कहा कि वित्तीय बाजारों का बुनियादी ढांचा इस समय निर्णायक मोड़ पर है, जहां तेज नवाचार के साथ सुरक्षा, मजबूती और परिचालन विश्वसनीयता का संतुलन जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीसीएस बीएएनसीएस, क्वार्ट्ज और भागीदार समाधानों की संयुक्त क्षमता से डीजीसीएक्स को आधुनिक तथा विस्तार योग्य प्लेटफॉर्म बनाने में मदद मिलेगी। इससे एक्सचेंज वृद्धि को तेज कर सकेगा, नए उत्पाद विकसित कर पाएगा और अगली पीढ़ी के निवेश वर्गों तक विस्तार कर सकेगा। दुनिया के बड़े वित्तीय बाजारों में टीसीएस की मौजूदगी ये तकनीकी समाधान टीसीएस के बीएफएसआई प्रोडक्ट्स एंड प्लेटफॉर्म्स समूह का हिस्सा हैं, जो वित्तीय सेवा और बीमा संस्थानों को ग्राहक अनुभव तथा परिचालन व्यवस्था में बदलाव के लिए सेवाएं उपलब्ध कराता है। टीसीएस 56 देशों में काम करती है और दुनिया भर में उसके 194 सेवा वितरण केंद्र हैं। कंपनी ने 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में 30 अरब डॉलर से अधिक का समेकित राजस्व अर्जित किया।



Comments
0