Full Story

पटना। बिहार की राजधानी पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान डूब रहे एक किशोर को बचाने के प्रयास में उसके दो दोस्त भी नदी में कूद गए, जिससे तीनों डूब गए, जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है जबकि दो अन्य की तलाश के लिए एसडीआरएफ का अभियान जारी है। सात दोस्त नहाने पहुंचे, तीन लौटकर नहीं आए जानकारी के अनुसार, पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के जगमाल बीघा गांव से सात किशोर गंगा स्नान के लिए आदिलपुर घाट पहुंचे थे। सभी दोस्त नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान 16 वर्षीय अंकुश कुमार गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्ती बचाने की कोशिश बनी आखिरी छलांग अंकुश को डूबता देख उसके दोस्त 16 वर्षीय रौनक कुमार और 16 वर्षीय सुंदरम कुमार उसे बचाने के लिए एक-एक कर नदी में कूद गए। दोनों ने अंकुश तक पहुंचने की पूरी कोशिश की लेकिन गंगा की तेज धारा और गहराई ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते तीनों किशोर नदी में समा गए। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दो घंटे बाद मिला एक शव, दो की तलाश जारी सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने अंकुश कुमार का शव बरामद कर लिया। वहीं, रौनक कुमार और सुंदरम कुमार की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। फतुहा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी)-2 संजीव कुमार ने एक किशोर का शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि बाकी दोनों किशोरों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है। बारिश के मौसम में नदियों से रहें सतर्क लगातार बारिश के कारण गंगा समेत अधिकांश नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। तेज बहाव और गहरे पानी के कारण नदी में उतरना बेहद खतरनाक हो सकता है। प्रशासन भी लोगों से अपील करता रहा है कि बरसात के दौरान नदी में नहाने या गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।