Full Story

कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के बारसोई रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जुर्माने के नाम पर आम लोगों, टेम्पो चालकों और फुटकर विक्रेताओं को कथित रूप से परेशान करने और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया तथा आरपीएफ की कार्रवाई के साथ एमजी लाइन में कथित मिट्टी कटाई, फुट ओवरब्रिज और शौचालय निर्माण की निष्पक्ष जांच की मांग की। आरपीएफ की कार्रवाई के खिलाफ जन आक्रोश प्रदर्शन जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता ख्वाजा शाहिद के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्टेशन परिसर में जुर्माने के नाम पर आम लोगों को परेशान किया जा रहा है और कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। टेम्पो चालकों और फुटकर विक्रेताओं ने भी आरपीएफ की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें बेवजह परेशान किया जाता है। हालांकि, इन आरोपों पर आरपीएफ या रेलवे प्रशासन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। एमजी लाइन में मिट्टी कटाई का मामला भी उठा प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बारसोई स्टेशन से सटी एमजी लाइन में कथित अवैध मिट्टी कटाई का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले की जांच कराने और यह पता लगाने की मांग की कि मिट्टी कटाई किसकी अनुमति और जिम्मेदारी में हुई। फुट ओवरब्रिज और शौचालय निर्माण पर भी सवाल प्रदर्शनकारियों ने बारसोई स्टेशन पर नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्म संख्या दो पर शौचालय निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने इन कार्यों की गुणवत्ता और प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की। साथ ही संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग रेलवे प्रशासन से की गई। डीआरएम को भेजी गई लिखित शिकायत श्री ख्वाजा शाहिद ने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत रेल मंडल प्रबंधक यानी डीआरएम को भेजी गई है। शिकायत की प्रतिलिपि नॉर्दर्न फ्रंटियर (एनएफ) रेलवे के महाप्रबंधक, मालेगांव, महानिदेशक आरपीएफ मालेगांव और आरपीएफ कमांडेंट, कटिहार रेल मंडल को भी ई-मेल के जरिए भेजी गई है। प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद जन आक्रोश प्रदर्शन में नगर पंचायत के उप-मुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साह, भाकपा माले नेता शिव कुमार यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बिनोद मंडल, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद अतीक, मिहिर मुनीम और कंचन मंडल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।