Full Story

मुंबई: विदेशों से मिले मिले-जुले संकेतों के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े शेयरों में जोरदार खरीददारी से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार बढ़त में बंद हुआ और सेंसेक्स साढ़े तीन महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स 78,954 पर बंद बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 373.76 अंक यानी 0.48 प्रतिशत चढ़कर 78,954.76 अंक पर बंद हुआ। यह इस वर्ष 2 अप्रैल के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 सूचकांक 11.35 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,636 अंक पर रहा, जो 03 अगस्त के बाद इसका उच्चतम स्तर है। मिडकैप पर दबाव, स्मॉलकैप में खरीदारी वृहद बाजार की तस्वीर मिश्रित रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.51 प्रतिशत गिर गया, जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.48 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। इससे साफ है कि बाजार की तेजी मुख्य रूप से चुनिंदा बड़े शेयरों तक सीमित रही। बैंकिंग और तेल-गैस शेयरों ने संभाला बाजार क्षेत्रवार कारोबार में बैंकिंग और तेल एवं गैस समूहों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। दूसरी ओर ऑटो, मीडिया, धातु और रियल्टी क्षेत्र के सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। रिलायंस सबसे बड़ा सहारा सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे ज्यादा 3.43 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक में 3.02 प्रतिशत, बीईएल में 2.56 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 2.28 प्रतिशत, इटरनल में 1.99 प्रतिशत और टाइटन में 1.47 प्रतिशत की तेजी रही। पावरग्रिड सबसे ज्यादा टूटा गिरावट वाले शेयरों में पावरग्रिड का शेयर सबसे अधिक 3.99 प्रतिशत टूट गया। टीसीएस में 2.06 प्रतिशत, इंडिगो में 1.49 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.41 प्रतिशत, मारुति सुजुकी और एनटीपीसी में 1.15 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.12 प्रतिशत, टाटा स्टील में 1.02 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक में 1.01 प्रतिशत की गिरावट रही। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एक्सिस बैंक और अडानी पोर्ट्स भी नुकसान में बंद हुए। बाजार का कारोबार एनएसई में कुल 3,478 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,667 शेयर बढ़त में और 1,672 गिरावट में बंद हुए, जबकि 139 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से केवल 14 हरे निशान में रहीं, जिससे पता चलता है कि सूचकांक की तेजी कुछ चुनिंदा दिग्गज शेयरों के दम पर आई। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंग सेंग 1.49 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.93 प्रतिशत गिर गया, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.57 प्रतिशत ऊपर रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.18 प्रतिशत चढ़ा था, जबकि जर्मनी का डैक्स लगभग सपाट होकर 0.01 प्रतिशत नीचे चल रहा था।