Full Story
मुंबई। अवार्ड जीत रही शॉर्ट फिल्म 'पनहा' की कामयाबी के बीच अभिनेत्री दिया मिर्जा ने प्रकृति से अपने गहरे रिश्ते को याद करते हुए कहा कि इंसान प्रकृति से अलग नहीं, बल्कि उसी का हिस्सा है और धरती ही हमारी असली पहचान तथा सबसे बड़ी पनाह है। 'पनहा' को मिल रही है एक के बाद एक कामयाबी शॉर्ट फिल्म 'पनहा' ने कई बड़े फिल्म फेस्टिवल्स में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। फिल्म को ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरमेंटल फिल्म फेस्टिवल (एएलटी ईफएफ) में बेस्ट इंडियन शॉर्ट फिल्म , 9वें वर्ल्ड इंडियन फिल्म फेस्टिवल (हैदराबाद) और ध्रुमा फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फिल्म का अवार्ड मिला। वहीं 13वें मुंबई शॉर्ट्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इसे ऑनरेबल ज्यूरी मेंशन से नवाज़ा गया। एक बच्चे की नजर से 'घर' का असली मतलब फिल्म की कहानी सात साल के विठू के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका परिवार एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की वजह से अपनी पुश्तैनी आम की बाग़ खोने के खतरे का सामना कर रहा है। गांव छोड़ने की तैयारी के बीच विठू अचानक लापता हो जाता है और उसकी तलाश पूरे परिवार के लिए जज़्बात से भरा ऐसा सफर बन जाती है, जो उन्हें घर, मोहब्बत और रिश्तों की असली अहमियत समझाती है। दिया मिर्जा ने सुनाई बचपन की दिलचस्प याद दिया मिर्जा ने बताया कि उनका प्रकृति से रिश्ता बचपन से ही बेहद गहरा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके घर के पीछे लगा आम का पेड़ सिर्फ एक पेड़ नहीं, बल्कि उनकी सबसे पसंदीदा पनाह था। वहीं बैठकर वह किताबें पढ़ती थीं और हर खुशी-ग़म उसी पेड़ के साथ बांटती थीं। इसी रिश्ते ने उन्हें बचपन से यह एहसास कराया कि इंसान और प्रकृति एक-दूसरे से जुदा नहीं हैं। जंगल की एक यात्रा ने बदल दी जिंदगी दिया ने बताया कि मिस इंडिया बनने के बाद उनकी ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई थी, लेकिन मध्य प्रदेश के पेंच जंगल की एक यात्रा ने उन्हें फिर से प्रकृति से जोड़ दिया। वहां स्थानीय लोगों और वन रक्षकों के साथ बिताए वक्त ने उन्हें यह समझाया कि अगर वह अपनी आवाज़ का इस्तेमाल लोगों को प्रकृति से जोड़ने के लिए नहीं करेंगी, तो उनकी पहचान अधूरी रह जाएगी। धरती ही हमारी सबसे बड़ी पनाह है" दिया मिर्जा ने कहा कि "हम इस धरती से जुड़े हैं। हम प्रकृति का हिस्सा हैं, उससे अलग नहीं। हमारी जिंदगी की हर जरूरत इसी धरती से पूरी होती है और आखिर में यही धरती हमें अपनी गोद में समेट लेती है।" दो बचपन की सहेलियों की खास पेशकश निर्देशक साक्षी मिश्रा के निर्देशन में बनी 'पनहा' को वन इंडिया स्टोरीज के बैनर तले तैयार किया गया है। यह दिया मिर्जा और उनकी बचपन की दोस्त अनन्या राणे की पहली रचनात्मक साझेदारी है। महाराष्ट्र के आम के बागानों से शुरू हुई यह कहानी अब देश-विदेश के दर्शकों के दिलों तक पहुंच रही है और अपने मजबूत संदेश की वजह से लगातार सराही जा रही है।



Comments
0