Full Story
वाना। ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि युद्ध जल्द खत्म नहीं हुआ तो अमेरिका को ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े ‘कोलांग माउंटेन’ (पिकैक्स माउंटेन) को उड़ाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। ट्रंप की दो टूक- कोलांग माउंटेन को उड़ा सकता है अमेरिका संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर फारस की खाड़ी सहयोग परिषद (पीजीसीसी) के नेताओं के साथ बैठक के दौरान श्री ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि हालात नहीं सुधरे और युद्ध समाप्त नहीं हुआ तो अमेरिका को ‘कोलांग माउंटेन’ पर हमला करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। क्या है ‘कोलांग माउंटेन’ ईरान का कहना है कि ‘कोलांग माउंटेन’, जिसे पिकैक्स माउंटेन भी कहा गया है, का इस्तेमाल उन्नत यूरेनियम सेंट्रीफ्यूज के उत्पादन और संयोजन के लिए किया जाता है। वहीं, पश्चिमी और इजरायली खुफिया एजेंसियों का मानना है कि इस परिसर में गुप्त संवर्धन या परमाणु हथियार विकास के लिए समृद्ध यूरेनियम का भंडार और उन्नत सेंट्रीफ्यूज रखे गए हैं। धमकी के साथ समझौते का दरवाजा भी खुला ईरान को सैन्य कार्रवाई की चेतावनी देने के साथ ही ट्रंप ने समझौते की संभावना भी जताई। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ समझौता करेगा और मौजूदा मुद्दे का समाधान ‘बहुत जल्द’ हो सकता है। श्री ट्रंप के मुताबिक, ईरान से जुड़ी स्थिति अमेरिका के मध्यावधि चुनाव के बाद तेजी से बदल सकती है। कुशनर-विटकॉफ की बैठक को बताया ‘बहुत रचनात्मक’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ तथा ईरानी मध्यस्थों के बीच हुई बैठक का भी जिक्र किया। उन्होंने इस बातचीत को ‘बहुत रचनात्मक’ बताते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है कि ईरानी पक्ष समझौते के लिए इच्छुक है। उन्होंने कहा, “या तो हम ईरान के साथ समझौता करेंगे या युद्ध बहुत जल्द खत्म हो जाएगा।” ‘बहुत देर होने से पहले कदम उठाए ईरान’ श्री ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसे ‘बहुत देर’ होने से पहले कदम उठाना होगा। उन्होंने इससे भी आगे बढ़ते हुए कहा कि एक समय ऐसा आ सकता है जब अमेरिका ईरान को एक देश के रूप में अस्तित्व में बने रहने का अवसर नहीं देगा। उनके इस बयान ने अमेरिका और ईरान के बीच पहले से जारी तनाव को और तीखा कर दिया है। ईरान का पलटवार- हमला हुआ तो देंगे जोरदार जवाब श्री ट्रंप की चेतावनी पर ईरान की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया आई। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के प्रवक्ता ने कहा कि यदि अमेरिका ‘कोलांग माउंटेन’ या ईरान के किसी अन्य हिस्से पर हमला करता है तो उसका जोरदार जवाब दिया जाएगा। हालांकि, ईरान की जवाबी कार्रवाई कैसी होगी, इसका खुलासा आईआरजीसी ने नहीं किया। आईआरजीसी के प्रवक्ता ने संभावित जवाबी कार्रवाई के स्वरूप को ‘सैन्य रहस्य’ बताते हुए कहा, “हम अपने सैन्य रहस्य उजागर नहीं करते, लेकिन उन्हें युद्ध के मैदान में प्रदर्शित करेंगे।”



Comments
0