Full Story

मुंबई। पश्चिम एशिया में शांति समझौता नहीं होने से ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 105 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी दस वर्षीय ट्रेजरी यील्ड 19 साल के उच्च स्तर 5.27 प्रतिशत से ऊपर पहुंचने से विदेशी निवेशकों की बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को भी दबाव में रहा, जिससे सेंसेक्स 242.65 अंक गिरकर 72,529.07 तथा निफ्टी 64.05 अंक टूटकर 22,716.20 पर रहा। क्रूड 105 डॉलर के पास, बॉन्ड यील्ड 19 साल के शिखर पर बाजार की चिंता की बड़ी वजह कच्चा तेल और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड रही। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स करीब 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा, जबकि बेंचमार्क 10 साल की अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड 5.27% के ऊपर पहुंचकर 19 साल के उच्च स्तर पर चली गई। ऊंची बॉन्ड यील्ड ने भारतीय बाजार से विदेशी निवेशकों की निकासी की आशंका को हवा दी। 72,064 तक फिसला सेंसेक्स सेंसेक्स ने 72,633.68 पर शुरुआत की और दिन में 72,684.90 का उच्च स्तर छुआ, लेकिन बिकवाली के दबाव में यह 72,064 तक फिसल गया। आखिर में सूचकांक पिछले बंद 72,771.72 के मुकाबले 242.65 अंक नीचे 72,529.07 पर रहा।निफ्टी ने 22,732.45 पर शुरुआत की और 22,753.25 तक पहुंचा, लेकिन गिरावट के दौरान 22,569.65 तक नीचे चला गया। मिडकैप-स्मॉलकैप भी दबाव में दिग्गज शेयरों के साथ छोटे और मझोले शेयर भी बिकवाली से नहीं बच सके। बीएसई 150 मिडकैप इंडेक्स 0.74% गिरकर 16,185.16 , जबकि बीएसई 250 स्मॉलकैप इंडेक्स 0.49% टूटकर 6,995.63 पर रहा। आईटी से कंज्यूमर ड्यूरेबल्स तक बिकवाली सेक्टोरल मोर्चे पर लाल रंग हावी रहा। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 1.97% गिरा, जबकि फोकस्ड आईटी में 1.77%, इंश्योरेंस में 1.57%, रियल्टी में 1.49%, आईटी में 1.28%, हॉस्पिटल्स में 1.24% और ऑटो में 1.08% की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा हाउसिंग फाइनेंस 0.93%, एफएमसीजी 0.85%, मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक्स 0.81%, सीडी 0.75%, ऑयल एंड गैस 0.67% और फाइनेंशियल सर्विसेज 0.52% नीचे रहे। हर तरफ गिरावट नहीं, इन सेक्टर्स ने दिखाई ताकत कमजोर बाजार के बीच कुछ सेक्टर्स ने मजबूती भी दिखाई। सर्विसेज इंडेक्स 1.47% और टेलीकम्युनिकेशन 1.35% चढ़ा। मेटल में 0.86%, हेल्थकेयर में 0.27% और यूटिलिटीज में 0.19% की बढ़त रही। टाइटन सबसे ज्यादा टूटा, आईटी शेयरों पर भी मार सेंसेक्स शेयरों में टाइटन 2.72% गिरकर 4,684 रुपये पर रहा। एचसीएल टेक 2.29%, टीसीएस 1.72%, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.57% और हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.53% टूटे। टेक महिंद्रा में 1.48%, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.45%, इटरनल में 1.22%, रिलायंस में 1.21% और बजाज फाइनेंस तथा मारुति में 1.17-1.17% की गिरावट दर्ज की गई। अडानी पोर्ट्स ने लगाई 4.39% की छलांग कमजोर बाजार में अदाणी पोर्ट्स 4.39% उछलकर 1,818 रुपये पर पहुंचा और सेंसेक्स के बढ़त वाले शेयरों में सबसे आगे रहा। सन फार्मा 1.09%, टाटा स्टील 1.05%, कोटक बैंक 1%, एनटीपीसी 0.92% और ट्रेंट 0.90% चढ़े। इंडिगो, एसबीआई, बीईएल, इन्फोसिस, भारती एयरटेल और एचडीएफसी बैंक भी बढ़त में रहे। एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रंग एशियाई बाजारों में भी ज्यादातर प्रमुख सूचकांक दबाव में रहे। जापान का निक्केई 0.60%, हांगकांग का हैंगसेंग 0.48% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.27% नीचे रहा। इसके उलट चीन का शंघाई कंपोजिट 0.18% की बढ़त में रहा। तेल और बॉन्ड यील्ड ने बढ़ाई बाजार की बेचैनी मंगलवार के कारोबार में घरेलू बाजार की तस्वीर साफ रही—एक तरफ 105 डॉलर के करीब ब्रेंट क्रूड , दूसरी तरफ 19 साल के उच्च स्तर पर अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और इनके बीच विदेशी निवेशकों की निकासी की चिंता। इसी दबाव ने सेंसेक्स-निफ्टी की गिरावट का सिलसिला आगे बढ़ाया जबकि आईटी, ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसे सेक्टर्स में बिकवाली ने बाजार पर अतिरिक्त दबाव डाला।