Full Story
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को परमाणु समझौते के बिना भी खत्म करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं और उनकी प्राथमिकता अब होर्मुज जलडमरूमध्य से ऊर्जा आपूर्ति तथा समुद्री आवाजाही को पूरी तरह बहाल कराना है, हालांकि ईरान की ओर से जहाजों पर हमले जारी रहने की स्थिति में अमेरिका सैन्य कार्रवाई का विकल्प खुला रखेगा। ‘परमाणु डील के बिना भी हो सकता है समझौता’ वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, श्री ट्रंप ने वरिष्ठ सलाहकारों के सामने निजी तौर पर यह विचार रखा कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोल देता है तो संघर्ष समाप्त करने के लिए परमाणु समझौता जरूरी शर्त न भी रहे। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि ट्रंप पिछले कई हफ्तों से ऐसी स्थिति तैयार कर रहे हैं, जिसमें होर्मुज खुलने पर वह ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिकी सफलता की घोषणा कर सकें। व्हाइट हाउस का दावा- सैन्य लक्ष्य पूरे व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने प्रकाशन से कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने सभी सैन्य लक्ष्य हासिल कर चुका है। अब श्री ट्रंप का ध्यान मुख्य रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल और दूसरी ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर है। हालांकि अधिकारी के मुताबिक, यदि ईरान जहाजों पर हमले जारी रखता है तो अमेरिका फिर सैन्य बल के इस्तेमाल का विकल्प चुन सकता है। ट्रंप को भरोसा- ईरान जल्द परमाणु गतिविधियां शुरू नहीं करेगा अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, श्री ट्रंप ने वरिष्ठ सलाहकारों से यह भी कहा है कि उनके सत्ता में रहते हुए तेहरान के बड़े पैमाने पर परमाणु गतिविधियां दोबारा शुरू करने की संभावना कम है। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप का यह भरोसा इस आकलन पर आधारित है कि अमेरिका ने 2025 तक ईरान की तीन प्रमुख परमाणु सुविधाओं को नष्ट कर दिया था। हाल की बैठकों में श्री ट्रंप ने यह विश्वास भी जताया कि अमेरिकी हमलों का खतरा ईरान को आगे परमाणु गतिविधियां बढ़ाने से रोकने के लिए पर्याप्त दबाव बना सकता है। अनिश्चितकाल तक बढ़ सकता है संघर्षविराम अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अगर अमेरिका ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित कर पाता है तो श्री ट्रंप मौजूदा संघर्षविराम को अनिश्चितकाल तक बढ़ाने के लिए ज्यादा तैयार हो सकते हैं। इसका अर्थ यह होगा कि पूर्ण परमाणु समझौते के बिना भी दोनों पक्ष लंबे समय तक सैन्य टकराव से बच सकते हैं। ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी भी हट सकती है रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोल देता है तो श्री ट्रंप ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी सैन्य नाकेबंदी हटाने पर विचार कर सकते हैं। इस तरह जलडमरूमध्य का खुलना किसी संभावित समझौते का सबसे अहम हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है। ट्रंप ने पहले ही हमले रोकने का किया था ऐलान श्री ट्रंप इससे पहले कह चुके हैं कि उभरते शांति समझौते को देखते हुए उन्होंने ईरान पर हमले रोक दिए हैं। बताए गए संभावित समझौते के मुख्य बिंदुओं में होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना और परमाणु कार्यक्रम से जुड़े समझौते शामिल हैं। हालांकि अब सामने आई रिपोर्ट यह संकेत देती है कि परमाणु समझौता न होने की स्थिति में भी संघर्ष समाप्त करने की गुंजाइश रखी जा सकती है। ईरान-ओमान में जहाजों के मार्ग पर बनी सहमति ईरानी विदेश मंत्रालय ने पिछले सप्ताह कहा था कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही के लिए मार्ग की भौगोलिक रूपरेखा पर सहमति बन गई है। यह कदम क्षेत्र में समुद्री यातायात सामान्य करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



Comments
0