Full Story
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए बिहार में जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की सभी संगठनात्मक इकाइयों, प्रकोष्ठों और संबद्ध समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया आदेश राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि राज्यभर में जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। इसके साथ ही पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और अन्य संबद्ध संगठनात्मक समितियों को भी समाप्त कर दिया गया है। हार के बाद संगठन पर चला बड़ा 'बुलडोजर' बांकीपुर उपचुनाव में मिली हार के बाद पार्टी के भीतर लगातार असंतोष और बयानबाजी सामने आ रही थी। कई नेताओं ने सार्वजनिक रूप से संगठन की कार्यशैली और नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। ऐसे माहौल में पूरी संगठनात्मक संरचना को भंग करने का फैसला इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी अब पुराने ढांचे के बजाय नए सिरे से संगठन खड़ा करना चाहती है। अब नए सिरे से होगा संगठन का गठन पार्टी ने स्पष्ट किया है कि सभी स्तरों पर नई स्थानापन्न समितियों के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। नए पदाधिकारियों और नई टीम के जरिए संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सके। हालांकि, पुनर्गठन की समय-सीमा को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। तेजस्वी की नई रणनीति की चर्चा सूत्रों के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव संगठन को पूरी तरह नए ढांचे में तैयार करने की योजना पर काम कर रहे हैं।माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है और निष्क्रिय इकाइयों की जगह सक्रिय नेतृत्व तैयार किया जाएगा।



Comments
0