Full Story
नई दिल्ली। भीषण गर्मी, महंगे ईंधन और पश्चिम एशिया में जारी तनाव जैसी चुनौतियों के बावजूद इंडियन ऑटो मार्केट ने इस वर्ष मई में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25.31 लाख वाहनों की रिकॉर्ड खुदरा बिक्री दर्ज की, जिसमें कारों, ट्रैक्टरों और इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग सबसे ज्यादा बढ़ी। ऑटोमोबाइल डीलरों के संघ फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) की जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मई 2026 में देशभर में कुल 25 लाख 31 हजार 67 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई, जो पिछले वर्ष के इसी महीने के मुकाबले 9.55 प्रतिशत अधिक है। मई का महीना थ्री-व्हीलर, पैसेंजर व्हीकल और ट्रैक्टर बिक्री के लिए अब तक का सबसे बेहतरीन मई साबित हुआ। हालांकि अप्रैल 2026 के मुकाबले बिक्री में 6.75 प्रतिशत की मासिक गिरावट दर्ज की गई लेकिन विशेषज्ञ इसे सामान्य मौसमी प्रभाव और मानसून की देरी से जोड़कर देख रहे हैं। कारों ने मचाया धमाल, एक साल में 76 हजार से ज्यादा अतिरिक्त बिक्री मई में पैसेंजर व्हीकल (पीवी) सेगमेंट ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान चार लाख दो हजार 591 कारें बिकीं , जबकि मई 2025 में यह आंकड़ा तीन लाख 26 हजार 656 था। यानी सिर्फ एक साल में करीब 75935 अतिरिक्त कारों की बिक्री हुई और बाजार ने 23.25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। ग्रामीण भारत इस उछाल का सबसे बड़ा आधार बनकर उभरा। ग्रामीण क्षेत्रों में कार बिक्री 30.35 प्रतिशत बढ़ी जबकि शहरी क्षेत्रों में यह वृद्धि 18.80 प्रतिशत रही। इससे साफ है कि अब ऑटो बाजार की असली ताकत महानगर नहीं बल्कि भारत के छोटे शहर और गांव बनते जा रहे हैं। 18.44 लाख टू-व्हीलर बिके, हीरो और होंडा सबसे आगे देश में मई 2026 के दौरान 18 लाख 44 हजार 947 दोपहिया वाहन बिके, जो पिछले साल के 17 लाख 15 हजार 581 वाहनों की तुलना में 7.54 प्रतिशत अधिक हैं। ब्रांड स्तर पर: हीरो मोटोकॉर्प ने पांच लाख 17 हजार 951 वाहन बेचकर बाजार में 28.07% हिस्सेदारी बनाए रखी। होंडा ने चार लाख 52 हजार 420 यूनिट बेचीं। टीवीएस ने तीन लाख 56 हजार 352 यूनिट की बिक्री दर्ज की। बजाज ऑटो ने एक लाख 97 हजार 738 यूनिट बेचीं। इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का बढ़ता दबदबा, पहली बार 11% के पार पहुंची हिस्सेदारी मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव का सीधा फायदा इलेक्ट्रिक वाहनों को मिला। टू-व्हीलर ईवी की हिस्सेदारी बढ़कर 9.25% हो गई, जो एक साल पहले 6.11% थी। पैसेंजर व्हीकल ईवी की हिस्सेदारी 6.63% तक पहुंच गई। सीएनजी कारों का हिस्सा बढ़कर 23.34% हो गया। कमर्शियल ईवी की हिस्सेदारी 2.86% रही। FADA के मुताबिक देश में कुल वाहन बाजार में ईवी की हिस्सेदारी पहली बार 11 प्रतिशत से अधिक पहुंची है, जो ऑटो उद्योग के लिए एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। ट्रैक्टर बाजार में भी जोरदार तेजी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती ट्रैक्टर बिक्री में साफ दिखाई दी। मई में 83 हजार 92 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह संख्या 74 हजार 744 थी। यानी ट्रैक्टर बिक्री में 11.17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। FADA का मानना है कि अच्छी कृषि आय, खरीफ सीजन की तैयारी और ग्रामीण नकदी प्रवाह ने ट्रैक्टर बाजार को मजबूती दी है। कमर्शियल वाहन बाजार भी मजबूत देश में मई के दौरान 83 हजार 823 कमर्शियल वाहन बिके, जो पिछले वर्ष के 79 हजार 614 वाहनों की तुलना में 5.29 प्रतिशत अधिक हैं। इस सेगमेंट में: लाइट कमर्शियल व्हीकल (एलसीवी) बिक्री 7.66% बढ़ी। मीडियम कमर्शियल व्हीकल (एमसीवी) में 4.71% वृद्धि हुई। हैवी कमर्शियल व्हीकल (एचसीवी) में 1.13% बढ़ोतरी दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में कमर्शियल वाहनों की बिक्री 8.10 प्रतिशत बढ़ी जबकि शहरी क्षेत्रों में यह वृद्धि 2.62 प्रतिशत रही। थ्री़-व्हीलर भी रफ्तार में मई में एक लाख 11 हजार 526 थ्री-व्हीलर बिके, जो पिछले साल की तुलना में 3.56 प्रतिशत अधिक हैं। खास बात यह रही कि पैसेंजर थ्री-व्हीलर बिक्री में 25.80 प्रतिशत और गुड्स थ्री-व्हीलर बिक्री में 25.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अगले तीन महीनों को लेकर उद्योग बेहद आशावादी FADA के सर्वे के अनुसार: 50.52% डीलर्स जून में बिक्री बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं। केवल 9.59% डीलर को गिरावट की आशंका है। अगले तीन महीनों (जून-अगस्त) के लिए 59.07% डीलर बाजार में वृद्धि की उम्मीद जता रहे हैं। सिर्फ 7.51% डीलर को अगले तीन महीनों में गिरावट की आशंका है। FADA का निष्कर्ष FADA के अध्यक्ष सी. एस. विग्नेश्वर ने कहा, " यदि मानसून सामान्य रहता है, खरीफ बुआई अच्छी होती है और ग्रामीण आय में सुधार जारी रहता है तो साल 2026 की दूसरी तिमाही ऑटो उद्योग के लिए और भी मजबूत साबित हो सकती है। मई के आंकड़े साफ संकेत देते हैं कि इंडियन ऑटो मार्केट अब केवल शहरों पर नहीं बल्कि ग्रामीण भारत की बढ़ती ताकत और इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता पर आगे बढ़ रहा है।"



Comments
0