Full Story

प्रयागराज। लखनऊ के कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की जांच और कार्रवाई का अभियान तेज हो गया है, जिसके तहत प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने भूमि-उपयोग और अन्य निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने पर सिविल लाइंस स्थित खान सर उर्फ फैजल खान की खान ग्लोबल स्टडीज को सील कर दिया है। पीडीए की टीम ने की सीलिंग की कार्रवाई प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के निर्देश पर जोन संख्या-1 के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने कोचिंग संस्थान पर कार्रवाई की। सीलिंग से पहले कोचिंग में मौजूद छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और कार्यालय को बंद कराने के बाद संस्थान को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के बाद संस्थान के बाहर लगाए गए नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति सील तोड़ने या दोबारा कोचिंग संचालन शुरू करने की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भू-उपयोग नियमों के उल्लंघन का आरोप पीडीए अधिकारियों के अनुसार, जिस भवन में खान ग्लोबल स्टडीज संचालित हो रहा था, उसका नक्शा व्यावसायिक (कमर्शियल) उपयोग के लिए स्वीकृत है जबकि कोचिंग संस्थान का संचालन सामुदायिक सेवा (कम्युनिटी सर्विस) श्रेणी में आता है। भवन के लिए आवश्यक सामुदायिक सुविधा भू-उपयोग की स्वीकृति नहीं ली गई थी, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। अग्निकांड के बाद बढ़ी सख्ती लखनऊ में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और अन्य भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी गई है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि सुरक्षा मानकों और भवन उपयोग संबंधी नियमों का पूरी तरह पालन हो।