Full Story

मुंबई। अमेरिका-ईरान तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आई उछाल से भारतीय मुद्रा दबाव में आ गई और विदेशी निवेशकों की खरीदारी भी रुपये को बड़ी गिरावट से नहीं बचा सकी, जिससे यह सोमवार को डॉलर के मुकाबले 30 पैसे टूटकर 95.68 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की तेजी ने बढ़ाया दबाव अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 3.5 फीसदी से ज्यादा चढ़ गईं। ब्रेंट क्रूड 78.50 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए तेल महंगा होने का सीधा असर रुपये पर पड़ा। बढ़ते आयात बिल की आशंका से निवेशकों की चिंता बढ़ी और घरेलू मुद्रा कमजोर हुई। दिनभर दबाव में रहा रुपया अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.72 प्रति डॉलर पर कमजोर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.58 के उच्च स्तर और 95.86 के निचले स्तर तक गया। आखिर में यह 95.68 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 95.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। एफआईआई की खरीददारी से मिली राहत विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को भारतीय पूंजी बाजार में 40.52 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर विदेशी निवेशकों की खरीदारी नहीं होती तो रुपये में गिरावट और अधिक हो सकती थी। विशेषज्ञ बोले- अभी दबाव बना रह सकता है एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एवं करेंसी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में 4 फीसदी से अधिक उछाल ने भारत के आयात बिल को लेकर चिंता बढ़ा दी है, जिससे रुपये पर दबाव बना हुआ है। वहीं, अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से अमेरिकी डॉलर भी मजबूत हुआ है, जिसका असर उभरते बाजारों की मुद्राओं पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि अब बाजार की नजर अमेरिका के सीपीआई महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी। इन आंकड़ों से डॉलर इंडेक्स और वैश्विक मुद्राओं की दिशा तय हो सकती है। साथ ही एफआईआई निवेश भी रुपये के लिए अहम रहेगा, क्योंकि हाल के दिनों में विदेशी निवेश ने गिरावट को सीमित रखने में मदद की है। रुपये के लिए क्या है अगला संकेत यदि ब्रेंट क्रूड 80-82 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर टिक नहीं पाता है तो रुपये को कुछ राहत मिल सकती है और गिरावट सीमित रह सकती है। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर निकट भविष्य में रुपये के 95.20 से 96.00 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।