Full Story
ईवी बाजार ने पकड़ी रफ्तार: जुलाई में बिक्री 66 फीसदी उछली, हर आठवां वाहन अब इलेक्ट्रिक नई दिल्ली। देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग तेजी से बढ़ रही है और जुलाई में ईवी की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 66 प्रतिशत उछलकर तीन लाख 27 हजार 901 यूनिट पर पहुंच गई, जिससे अब देश में बिकने वाला करीब हर आठवां वाहन इलेक्ट्रिक हो गया है। वाहन डीलरों के महासंघ फाडा की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, इलेक्ट्रिक दुपहिया से लेकर यात्री वाहन, तिपहिया और वाणिज्यिक वाहन तक लगभग सभी प्रमुख श्रेणियों में ईवी बिक्री ने मजबूत बढ़त दर्ज की। इलेक्ट्रिक दुपहिया ने पहली बार पार किया 2 लाख का आंकड़ा जुलाई में इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहनों की बिक्री पहली बार दो लाख इकाइयों के पार पहुंच गई। इस दौरान देश में कुल 2,04,362 इलेक्ट्रिक दुपहिया बिके, जो एक साल पहले की तुलना में 88 प्रतिशत अधिक है। देश में बिकने वाले कुल दुपहिया वाहनों में अब इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 11.2 प्रतिशत हो गई है। यानी हर 100 दुपहिया वाहनों में करीब 11 अब इलेक्ट्रिक हैं। टीवीएस सबसे आगे, बजाज ने भी दिखाई तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बाजार में टीवीएस मोटर ने जोरदार प्रदर्शन किया। कंपनी की ईवी बिक्री जुलाई में 135 प्रतिशत बढ़कर 55,499 इकाई पर पहुंच गई। बजाज ऑटो की बिक्री भी सालाना आधार पर 122 प्रतिशत बढ़कर 45,613 इकाई रही। वहीं, एथर एनर्जी ने 30,357 इकाइयों की बिक्री के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री 83 फीसदी बढ़ी यात्री वाहन यानी कार, उपयोगी वाहन और वैन के बाजार में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की पकड़ मजबूत हुई है। जुलाई में यात्री ईवी की कुल बिक्री 83 प्रतिशत बढ़कर 32,928 इकाई हो गई। इसके साथ यात्री वाहन बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर 7.9 प्रतिशत पर पहुंच गई। टाटा मोटर्स ने मारी बाजी यात्री इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में टाटा मोटर्स सबसे आगे रही। कंपनी की बिक्री 103 प्रतिशत बढ़कर 13,678 इकाई हो गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री में और भी तेज बढ़त देखने को मिली। कंपनी ने जुलाई में 7,742 इलेक्ट्रिक यात्री वाहन बेचे, जो पिछले साल की तुलना में 127 प्रतिशत अधिक है। हालांकि जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर की बिक्री में चार प्रतिशत की गिरावट आई, फिर भी कंपनी 5,689 वाहनों की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रही। थ्री व्हीलर बाजार में ईवी अब विकल्प नहीं, पहली पसंद इलेक्ट्रिक वाहनों की सबसे मजबूत पकड़ थ्री व्हीलर बाजार में दिखाई दे रही है। जुलाई में देश में कुल 87,055 इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर वाहनों का पंजीकरण हुआ, जो पिछले साल के मुकाबले 25 प्रतिशत अधिक है। थ्री व्हीलर बाजार में ईवी की हिस्सेदारी बढ़कर 65.1 प्रतिशत हो गई है। इसका मतलब यह है कि देश में बिकने वाले हर 100 तिपहिया वाहनों में करीब 65 इलेक्ट्रिक हैं। फाडा के आंकड़े यह संकेत देते हैं कि इस श्रेणी में ईवी अब वैकल्पिक विकल्प नहीं, बल्कि मुख्य पसंद बनता जा रहा है। महिंद्रा सबसे आगे, बजाज की बिक्री 74 फीसदी उछली थ्री व्हीलर ईवी बाजार में महिंद्रा समूह की बिक्री 45 प्रतिशत बढ़कर 14,191 इकाई रही। बजाज ऑटो ने जुलाई में 13,442 इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन बेचे, जो सालाना आधार पर 74 प्रतिशत अधिक है। वहीं, टीवीएस मोटर कंपनी की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई। कंपनी की बिक्री 98 प्रतिशत बढ़कर 4,473 इकाई पर पहुंच गई। कमर्शियल ईवी बिक्री में 169 फीसदी का उछाल कमर्शियल वाहन बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी अभी अपेक्षाकृत कम है, लेकिन यहां बिक्री की रफ्तार सबसे तेज श्रेणियों में शामिल रही। जुलाई में इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 169 प्रतिशत बढ़कर 3,556 इकाई हो गई। कुल कमर्शियल वाहन बाजार में ईवी की हिस्सेदारी 3.6 प्रतिशत रही। टाटा मोटर्स आगे, बिक्री में 288 फीसदी बढ़ोतरी इस खंड में टाटा मोटर्स ने 1,306 इकाइयों की बिक्री के साथ पहला स्थान हासिल किया। कंपनी की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 288 प्रतिशत बढ़ी लेकिन सबसे बड़ी छलांग यूलर मोटर्स ने लगाई। कंपनी की बिक्री जुलाई 2025 में महज 72 इकाई थी, जो इस जुलाई में बढ़कर 777 इकाई पर पहुंच गई। इस तरह कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर जबरदस्त 979 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। महिंद्रा समूह 362 इकाइयों की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रहा। उसकी बिक्री सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़ी ।



Comments
0