Full Story

मोतिहारी। बिहार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि चंपारण ने ही महात्मा गांधी को ‘बापू’ बनाया और यहीं गांधी ने सत्याग्रह का पहला सफल प्रयोग कर देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। चंपारण की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित बापूधाम महोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार की शाम गांधी के विचार, चंपारण के गौरव और बिहार के विकास का संदेश एक साथ गूंजा। ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि चंपारण ने ही महात्मा गांधी को ‘बापू’ बनाया। यहीं गांधी ने सत्याग्रह का पहला सफल प्रयोग कर देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। महोत्सव का उद्घाटन शाम छह बजे मंत्री श्रवण कुमार, विधायक प्रमोद कुमार, राजू तिवारी, विधान पार्षद डॉ. खालिद अनवर, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, जदयू जिलाध्यक्ष भरत पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ‘बापू की धरती को नमन करता हूं’ उद्घाटन समारोह में मंत्री ने कहा, “सबसे पहले मैं बापू की धरती चंपारण को नमन करता हूं।” उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान से पूरा देश परिचित है, लेकिन यह चंपारण ही है जिसने गांधी को ‘बापू’ के रूप में पहचान दिलाई। यहां हुआ सत्याग्रह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ। उन्होंने कहा कि बापूधाम महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि चंपारण की ऐतिहासिक विरासत, गांधी के विचार और नई पीढ़ी के बीच संवाद का माध्यम है। राधा मोहन सिंह को दिया श्रेय श्रवण कुमार ने महोत्सव के बेहतर आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए मोतिहारी सांसद राधा मोहन सिंह को भी साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि सांसद की देखरेख में जिला प्रशासन ने बापूधाम महोत्सव को बेहतर ढंग से सजाया और संवारा है। उन्होंने कहा कि चंपारण के जनप्रतिनिधि लगातार क्षेत्र के विकास और उन्नति के लिए काम कर रहे हैं। ‘2030 तक एक करोड़ नौकरी-रोजगार का लक्ष्य’ मंत्री ने सरकार की रोजगार नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि 2020 से 2025 के बीच 11 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 40 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि अब 2025 से 2030 तक एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार बिहार को विकास की तेज रफ्तार देने के साथ महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। बिहार में करीब 40 हजार महिलाओं को पुलिस सेवा में भर्ती मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण की बड़ी उपलब्धि बताया। ‘चंपारण का भाईचारा बिहार की ताकत’ मंत्री ने कहा कि चंपारण के लोगों का सहयोग, प्रेम, भाईचारा और आपसी मिल्लत बिहार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन और बेहतर व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर विधायक प्रमोद कुमार, राजू तिवारी तथा विधान पार्षद डॉ. खालिद अनवर ने भी महोत्सव में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों को संबोधित किया। महोत्सव के तीसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कार्यक्रमों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।