Full Story
लंदन। टखने के लिगामेंट में चोट के कारण भारतीय महिला टीम की ऑफस्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल टी-20 विश्व कप से बाहर हो गई वहीं उनकी जगह युवा स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया है। श्रेयंका को यह चोट नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान लगी थी। मिड-ऑन की ओर गई गेंद का पीछा करते समय उनका टखना बुरी तरह मुड़ गया। दर्द इतना तेज था कि वह अपने पैर पर खड़ी तक नहीं हो सकीं और उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। 24 वर्षीय प्रेमा रावत के लिए यह बड़ा मौका है। डब्ल्यूपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रह चुकीं प्रेमा हाल ही में भारत ए टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने राइजिंग स्टार्स महिला एशिया कप में 4.27 की इकॉनमी से आठ विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। चोटों ने नहीं छोड़ा श्रेयंका का साथ श्रेयंका के लिए चोटों का सिलसिला नया नहीं है। जुलाई 2024 में उंगली टूटने के कारण वह पिछले टी-20 विश्व कप से भी बाहर हो गई थीं। इसके बाद शिन स्प्लिंट्स और कलाई की चोट ने उन्हें लगभग एक साल तक क्रिकेट से दूर रखा। अब विश्व कप के बीच लगी नई चोट ने उनके लिए एक और बड़ा झटका खड़ा कर दिया है। भारतीय टीम को उम्मीद होगी कि प्रेमा रावत इस मौके का पूरा फायदा उठाएं और श्रेयंका की कमी को भरने में अहम भूमिका निभाएं।



Comments
0