Full Story
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान टेकनेम पी2006टी ट्विन इंजन विमान गंगा बैराज के पास नत्थापुरवा गांव के एक अमरूद के बाग में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार प्रशिक्षक सचिन भाटिया और प्रशिक्षु पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। विमान ने चकेरी स्थित एक निजी प्रशिक्षण केंद्र से उड़ान भरी थी। कानपुर शहर के ऊपर से गुजरते हुए गंगा बैराज की ओर पहुंचने पर विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और नत्थापुरवा गांव के एक अमरूद के बाग में जा गिरा। हवा में पलटा, जमीन से टकराते ही बिखर गया विमान पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार, प्रत्यक्ष रूप से विमान हवा में गुलाटी खाता दिखाई दिया और इसके बाद तेजी से नीचे आ गिरा। जमीन से टकराते ही विमान के परखच्चे बिखर गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विमान में सवार दोनों लोगों को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पांच नॉटिकल मील दूर हुआ हादसा नागरिक उड्डयन मंत्रालय की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान टेकनेम पी2006टी ट्विन इंजन एयरक्राफ्ट था। इसका पंजीकरण नंबर वीटी-एनबीवी है और इसका संचालन कानपुर की मेसर्स गर्ग एविएशन लिमिटेड कर रही थी। विमान कानपुर सिविल एयरपोर्ट के स्थानीय उड़ान क्षेत्र में प्रशिक्षण मिशन पर था। यह एयरपोर्ट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर गंगा बैराज के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। गुजरात के सचिन, कर्नाटक के अभिषेक ने गंवाई जान हादसे में मारे गए विमान प्रशिक्षक सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि प्रशिक्षण ले रहे अभिषेक पुजारी कर्नाटक निवासी थे। पुलिस के मुताबिक, सचिन भाटिया को करीब 3,000 घंटे की उड़ान का अनुभव था। अनुभव रखने वाले प्रशिक्षक की मौजूदगी के बावजूद विमान किन परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वर्ष 2023 से नियमित उड़ान भर रहा था विमान प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त प्रशिक्षण विमान वर्ष 2023 से नियमित उड़ान भर रहा था। हादसे के पीछे तकनीकी खराबी, मानवीय चूक, मौसम या किसी अन्य कारण की भूमिका थी या नहीं, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारण को लेकर अटकलें लगाने से बचने और जांच पूरी होने का इंतजार करने को कहा है। डीजीसीए की तीन सदस्यीय टीम रवाना नागर विमानन महानिदेशालय ने नियामकीय निगरानी और संबंधित एजेंसियों से समन्वय के लिए तीन अधिकारियों की टीम घटनास्थल भेजी है। टीम विमान के मलबे, रखरखाव रिकॉर्ड, उड़ान संबंधी दस्तावेज और दूसरे तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। लागू नियमों के तहत दुर्घटना की विस्तृत एवं स्वतंत्र जांच एएआईबी करेगा। घटनास्थल सील, मलबे की हो रही जांच सुरक्षा और जांच से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने दुर्घटनास्थल को सील कर दिया है। पुलिस, प्रशासन और विमानन एजेंसियों की टीमें मौके पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं। अब जांच का केंद्र यह पता लगाना होगा कि नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान विमान ने अचानक नियंत्रण कैसे खोया और अनुभवी प्रशिक्षक की मौजूदगी के बावजूद हादसे को क्यों नहीं टाला जा सका। Kanpur plane crash, Kanpur training aircraft accident, Tecnam P2006T crash, Ganga Barrage plane crash, Sachin Bhatia pilot, Abhishek Pujari trainee pilot, DGCA investigation, AAIB plane crash inquiry



Comments
0