Full Story

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत करीब 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की और कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा देशभर में रोजगार सृजन को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा से लौटने के कुछ ही घंटों बाद श्री मोदी ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और योजना के लाभार्थियों, उद्योग प्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा, कौशल और क्षमता को आज पूरी दुनिया पहचान रही है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है कि हर युवा अपनी क्षमता को सफलता में बदल सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना सिर्फ एक रोजगार योजना नहीं, बल्कि युवाओं की पहली नौकरी के सपनों को मजबूत करने और उद्योगों तथा कार्यबल के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने का एक बड़ा प्रयास है। उन्होंने कहा कि जहां अधिकांश योजनाएं केवल कर्मचारियों या नियोक्ताओं पर केंद्रित होती हैं, वहीं यह योजना दोनों को समान रूप से सहयोग देती है। सरकार एक ओर युवाओं को रोजगार से जोड़ रही है तो दूसरी ओर नए रोजगार सृजित करने वाले संस्थानों को भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकार के अनुसार यह योजना रोजगार-संबद्ध प्रोत्साहन कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे सामाजिक सुरक्षा कवरेज का विस्तार हुआ है और देशभर में करीब 15 लाख रोजगार अवसरों के सृजन में मदद मिली है।