Full Story

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चम्पारण के जिला मुख्यालय मोतिहारी को रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने सख्त और निर्णायक कदम उठाया है। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सदर अनुमंडल प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से नया ट्रैफिक रेगुलेशन प्लान लागू कर दिया है। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) द्वारा जारी संयुक्त आदेश के तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वन-वे, डायवर्जन और पार्किंग के कड़े दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। मीना बाजार मार्ग पर वन-वे लागू, मरीन ड्राइव से होगी वापसी शहर के मुख्य व्यावसायिक केंद्र मीना बाजार में ई-रिक्शा और ऑटो के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए गांधी चौक से ज्ञान बाबू चौक तक एकतरफा यातायात (वन-वे) व्यवस्था लागू की गई है। ज्ञान बाबू चौक से वापस लौटने वाले ऑटो व टोटो चालकों को मरीन ड्राइव मार्ग से होकर गुजरना होगा, जहां से वे अटल चौक, मधुबन छावनी या छतौनी चौक की तरफ जा सकेंगे। हालांकि, स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निजी वाहनों को इस पाबंदी से मुक्त रखा गया है। कचहरी चौक से चांदमारी चौक तथा चांदमारी से कचहरी चौक की ओर आवागमन करने वाले सभी वाहनों को अब बलुआ ओवरब्रिज के नीचे वाले मार्ग से गुजरना होगा। इस रूट पर ओवरब्रिज के ऊपर से वाहनों के परिचालन को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। अस्पताल और अगरवा मार्ग के लिए यू-टर्न तय सड़क पर बेतरतीब कट और यू-टर्न से होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट प्वाइंट निर्धारित किए हैं। अगरवा मोड़ से सदर अस्पताल जाने वाले वाहन बलुआ ओवरब्रिज के नीचे तय स्थान से ही यू-टर्न लेकर आगे बढ़ेंगे। वहीं, ओवरब्रिज से अगरवा की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए टाउन थाना चौक के समीप यू-टर्न तय किया गया है। किसी भी अनधिकृत स्थान से यू-टर्न लेने पर सख्त मनाही रहेगी। प्रशासन ने भीड़भाड़ वाले संवेदनशील चौराहों, रेलवे स्टेशन मोड़ और ओवरब्रिज के आसपास अनावश्यक ओवरटेकिंग तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगा दी है। वाहन चालकों को केवल नगर निगम द्वारा चिन्हित अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ी खड़ी करने की अनुमति होगी। आदेश का उल्लंघन करने अथवा नो-पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी जुर्माना वसूला जाएगा। प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात, लगाए जा रहे संकेतक बोर्ड नए ट्रैफिक प्लान के कड़ाई से अनुपालन के लिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को शहर के संवेदनशील मोड़ों, चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पथ निर्माण विभाग, नगर निगम और एनएचएआई के सहयोग से प्रमुख स्थानों पर वन-वे, नो-एंट्री, यू-टर्न और डायवर्जन के संकेतक बोर्ड व बैरिकेडिंग लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।