Full Story

मुंबई। आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का दमदार मोशन पोस्टर रिलीज हो गया है, जिसमें देश के बंटवारे की टीस, इंसानियत की जंग और सनी देओल के मजबूत किरदार की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। बहुचर्चित फिल्म 'बंटवारा 1947' का मोशन पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म में सनी देओल लीड रोल में नजर आएंगे जबकि इसके निर्देशक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार राजकुमार संतोषी हैं। पोस्टर में दिखी बंटवारे की टीस, जज्बात और हिम्मत की कहानी मोशन पोस्टर में साल 1947 के बंटवारे की दर्दनाक यादों, इंसानी जद्दोजहद, कुर्बानियों और जज़्बात की झलक दिखाई गई है। फिल्म की कहानी ऐसे बहादुर किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने नफरत, खौफ और अफरा-तफरी के दौर में भी इंसानियत और हिम्मत का दामन नहीं छोड़ा। सितारों से सजी है फिल्म की स्टारकास्ट फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर जैसे कलाकार अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। दमदार स्टारकास्ट ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। 30 साल बाद फिर साथ आए संतोषी और सनी देओल 'बंटवारा 1947' की सबसे खास बात यह है कि राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी करीब तीन दशक बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। इससे पहले दोनों ने 'घायल', 'दामिनी' और 'घातक' जैसी यादगार और कामयाब फिल्में दी थीं, जिन्हें आज भी दर्शक बेहद पसंद करते हैं। ए.आर. रहमान का संगीत, जावेद अख्तर के अल्फाज़ फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान ने संभाली है, जबकि गीतों को जावेद अख्तर ने अपने खूबसूरत अल्फाज़ से सजाया है। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। रिलीज से पहले ही बढ़ा दर्शकों का उत्साह आमिर खान प्रोडक्शंस के मुताबिक, 'बंटवारा 1947' को 14 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। मोशन पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब सभी की निगाहें फिल्म के ट्रेलर और रिलीज पर टिकी हैं।