Full Story

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया और आजाद भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल कर लिया है। श्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। तब से लेकर अब तक वह लगातार देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। मंगलवार को उनके लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4398 दिन पूरे हुए, जो जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के कार्यकाल के बराबर था। बुधवार को वह इस आंकड़े को पार कर देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए। पंडित नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे थे। हालांकि वे 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री बने थे लेकिन उस समय वे अंतरिम सरकार के प्रमुख थे और निर्वाचित प्रधानमंत्री नहीं थे। इससे पहले नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लगातार 4077 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ चुके हैं। श्रीमती गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार प्रधानमंत्री रहीं। बाद में वह 1980 में फिर से सत्ता में लौटी थीं। प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन में लंबा प्रशासनिक अनुभव भी चर्चा का विषय है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनका कुल कार्यकाल 9000 दिनों से अधिक हो चुका है। उन्होंने 09 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर एक और महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि हासिल की थी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी की लगातार चुनावी सफलता और भारतीय राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ को दर्शाती है। देश की राजनीति में यह एक ऐसा रिकॉर्ड है, जो आने वाले वर्षों तक चर्चा का विषय बना रहेगा।