Full Story

कटिहार। सोशल मीडिया पर 95 हजार रुपये रिश्वत लेने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद बिहार में कटिहार जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बारसोई अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी रविकांत रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मामले की विस्तृत जांच के लिए दो सदस्यीय जांच समिति भी गठित की गई है, जिसे एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में जिला स्थापना प्रशाखा से जारी आदेश के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजस्व कर्मचारी रविकांत रंजन को राजस्व संबंधी कार्य के बदले कथित रूप से 95 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए दिखाया गया है। प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने और सरकारी सेवक के आचरण व लोकसेवा की गरिमा के प्रतिकूल होने के कारण तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई। मनिहारी बना निलंबन अवधि का मुख्यालय जारी आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान रविकांत रंजन का मुख्यालय अनुमंडलीय राजस्व कार्यालय, मनिहारी निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। दो सदस्यीय जांच समिति गठित मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जिला प्रशासन ने दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति के अध्यक्ष अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) मनोज कुमार बनाए गए हैं, जबकि भूमि सुधार उप समाहर्ता, बारसोई मंकेश्वर कुमार को सदस्य नियुक्त किया गया है। एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि वह वायरल वीडियो, समाचार रिपोर्ट, उपलब्ध अभिलेखों और संबंधित पक्षों के बयानों की जांच कर आरोपों की सत्यता और प्रामाणिकता का परीक्षण करे। समिति को अपनी स्पष्ट अनुशंसा के साथ एक सप्ताह के भीतर समाहर्ता, कटिहार को जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी। 95 हजार रुपये रिश्वत का वीडियो बना कार्रवाई की वजह गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर राजस्व कर्मचारी का कथित 95 हजार रुपये रिश्वत लेने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया था, जिसके बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन और विभागीय जांच का आदेश जारी कर दिया।