Full Story

पटना। बिहार सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में सीधी नियुक्ति का बड़ा मौका देते हुए नियमावली में संशोधन को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, क्रिकेट और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने या भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न वेतन स्तरों पर नियुक्ति दी जा सकेगी। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में यहां हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में ‘बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति नियमावली’ में संशोधन को मंजूरी दे दी है। नए नियम लागू होने के बाद अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता और आसान हो जाएगा। ओलंपिक और क्रिकेट खिलाड़ियों को मिलेगी बड़ी प्राथमिकता नए प्रावधान के मुताबिक ओलंपिक में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति दी जाएगी। इसके अलावा ओलंपिक में शामिल किसी भी खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी और क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में भारतीय टीम की ओर से खेलने वाले खिलाड़ी भी इस श्रेणी में शामिल होंगे। साथ ही एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इन खिलाड़ियों की नियुक्ति वेतन स्तर-09 (ग्रेड पे 5400 रुपये) में की जा सकेगी। एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स के अन्य खिलाड़ियों को भी मौका एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों तथा इन प्रतियोगिताओं में रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा। इनकी नियुक्ति वेतन स्तर-07 (ग्रेड पे 4600 रुपये) में की जाएगी। नेशनल गेम्स के मेडलिस्ट भी होंगे लाभान्वित सरकार ने नेशनल गेम्स और सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी नियमावली में शामिल किया है। इन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को वेतन स्तर-06 (ग्रेड पे 4200 रुपये) में सीधी नियुक्ति दी जा सकेगी। खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान और सुरक्षित भविष्य सरकार का मानना है कि इस फैसले से राज्य के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ेगी। अब खिलाड़ी सिर्फ मेडल जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन ही नहीं करेंगे, बल्कि उनके लिए सरकारी नौकरी का मजबूत रास्ता भी खुलेगा।