Full Story

नई दिल्ली। इटली की प्रीमियम मोटरसाइकिल निर्माता डुकाटी ने भारत में अपनी नई मल्टीस्ट्राडा वी4 रैली पेश की है, जिसमें 30 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक, 170 हॉर्सपावर का वी4 इंजन, एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी और लंबी दूरी की एडवेंचर राइडिंग के लिए कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। 170 हॉर्सपावर का दमदार इंजन, हर रास्ते पर शानदार प्रदर्शन नई मल्टीस्ट्राडा वी4 रैली में 1158 सीसी का वी4 ग्रांटूरिज्मो इंजन दिया गया है, जो 170 हॉर्सपावर की ताकत और 123 न्यूटन मीटर टॉर्क पैदा करता है। यह इंजन शहर की सड़कों, हाईवे, पहाड़ी रास्तों और कच्चे ट्रैक पर भी स्मूद और दमदार परफॉर्मेंस देने के लिए तैयार किया गया है। बाइक में मोटो जीपी से प्रेरित तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसकी राइडिंग और भी बेहतर हो जाती है। सुरक्षा के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी का पूरा पैकेज डुकाटी ने इस बाइक में कई ऐसे फीचर्स दिए हैं जो आमतौर पर प्रीमियम एडवेंचर बाइक्स में ही देखने को मिलते हैं। इसमें एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, ऑटोमैटिक लोअरिंग डिवाइस, कॉर्नरिंग एबीएस, डुकाटी व्हीली कंट्रोल, क्विक शिफ्ट 2.0 और एडैप्टिव डुकाटी स्काईहुक सस्पेंशन ईवीओ जैसे फीचर्स दिए गए हैं। ये सभी तकनीकें हर तरह की सड़क पर बाइक को ज्यादा सुरक्षित, स्थिर और आसान बनाती हैं। राइडर और पीछे बैठे साथी दोनों को मिलेगा शानदार कम्फर्ट लंबी यात्रा में आराम सबसे जरूरी होता है और इसी बात का खास ध्यान इस बाइक में रखा गया है। इसमें बड़ा विंडस्क्रीन, आरामदायक सीट, हीटेड हैंड ग्रिप्स, बेहतर सस्पेंशन और पीछे बैठे यात्री के लिए ज्यादा लेग स्पेस दिया गया है। इसके अलावा सामान रखने के लिए पैनियर और टॉप बॉक्स जैसे एक्सेसरीज का भी विकल्प मिलता है। कम मेंटेनेंस, ज्यादा भरोसा डुकाटी का दावा है कि यह बाइक सिर्फ दमदार ही नहीं बल्कि भरोसेमंद भी है। इसमें 60 हजार किलोमीटर तक वाल्व क्लियरेंस चेक कराने की जरूरत नहीं होगी। वहीं 15 हजार किलोमीटर या 24 महीने बाद ऑयल सर्विस करानी होगी। कंपनी इसके साथ 2 साल की वारंटी भी दे रही है, जिससे ग्राहकों को अतिरिक्त भरोसा मिलता है। कीमत कितनी है नई डुकाटी मल्टीस्ट्राडा वी4 रैली दो रंगों में उपलब्ध है। डुकाटी रेड की एक्स शोरूम कीमत 32 लाख 40 हजार रुपये है। जेड ग्रीन रंग की एक्स शोरूम कीमत 32 लाख 73 हजार रुपये रखी गई है। यह बाइक अब देशभर के सभी डुकाटी डीलरशिप पर उपलब्ध है।