Full Story
मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम और उसकी दादी की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दिल्ली-काठमांडू राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-28 को जाम कर दिया। सेमर चौक के पास हुए हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सिसवनिया निवासी अमित कुमार (5), पिता सोनू कुमार राम, और उसकी दादी रामझरी देवी (45), पति किसनाथ राम, के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अमित अपनी दादी के साथ पिता को कुछ सामान पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान सेमर चौक के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। दो मौतों के बाद सड़क पर उतरा आक्रोश हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने एनएच-28 पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दी और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के जिम्मेदार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए। सड़क जाम होने से राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना पर रामगढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। एक हादसे ने उजाड़ दी परिवार की दो पीढ़ियां हादसे ने एक ही परिवार की दो पीढ़ियों को छीन लिया। पिता सोनू कुमार ने एक झटके में अपनी मां और पांच वर्षीय बेटे को खो दिया। वहीं, परिवार ने मां और पोते की मौत का दर्द एक साथ झेला। घटना के बाद सिसवनिया गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।



Comments
0