Full Story
दुबई। कोलंबो टेस्ट के दौरान मैदान पर हुई तीखी नोकझोंक भारत के यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के असिता फर्नांडो को भारी पड़ गई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने दोनों खिलाड़ियों को लेवल-1 आचार संहिता उल्लंघन का दोषी मानते हुए उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया और एक-एक डिमेरिट अंक भी उनके खाते में जोड़ दिया। किस नियम का हुआ उल्लंघन? आईसीसी के अनुसार, जायसवाल और फर्नांडो ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए लागू आर्टिकल 2.12 का उल्लंघन किया।यह नियम किसी खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या मैच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से जुड़ा है। सिर्फ जुर्माना ही नहीं, डिमेरिट पॉइंट भी मिला जुर्माने के अलावा दोनों खिलाड़ियों के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि पिछले 24 महीनों में दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई दर्ज नहीं थी। इसलिए यह उनका पहला डिमेरिट पॉइंट है। आखिर मैदान पर हुआ क्या था यह घटना रविवार को कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में हुई। असिता फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को आउट किया। विकेट लेने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बताया गया कि जायसवाल फर्नांडो की ओर बढ़े और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसके बाद फर्नांडो ने अपना सिर जायसवाल की ओर बढ़ाया। जवाब में जायसवाल भी आगे बढ़े, जिससे दोनों खिलाड़ियों के सिर आपस में टकरा गए। मैदान पर यह घटना कुछ देर तक चर्चा का विषय बनी रही। दोनों खिलाड़ियों ने स्वीकार की गलती आईसीसी ने बताया कि यशस्वी जायसवाल और असिता फर्नांडो दोनों ने अपने ऊपर लगे आरोप स्वीकार कर लिए। दोनों खिलाड़ियों ने एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा भी मान ली। इसी वजह से मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। अंपायरों ने की थी शिकायत मैदान पर मौजूद अंपायर अहसान रज़ा और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद , तीसरे अंपायर रॉड टकर और चौथे अंपायर प्रगीथ रामबुकवेला ने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ आरोप लगाए थे। मैदान पर आक्रामकता पड़ी भारी क्रिकेट में खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और जोश आम बात है, लेकिन आईसीसी ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि मैदान पर अनुचित शारीरिक संपर्क या आक्रामक व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोलंबो टेस्ट की यह घटना अब सिर्फ मैदान की नोकझोंक नहीं रही बल्कि दोनों खिलाड़ियों के रिकॉर्ड में डिमेरिट पॉइंट और जुर्माने के रूप में दर्ज हो गई है।



Comments
0