Full Story

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में आई गिरावट के बाद सार्वजनिक तेल विपणन कंपनियों ने बुधवार से 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में दिल्ली में 183.50 रुपये तक की कटौती कर दी है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब 19 किलोग्राम का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 2,930 रुपये में मिलेगा। जून में इसकी कीमत 3,113.50 रुपये थी। यानी एक सिलेंडर पर 183.50 रुपये की राहत मिलेगी। हालांकि, यह राहत सिर्फ कमर्शियल उपभोक्ताओं को मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर अब भी 942 रुपये में मिलेगा। हर शहर में अलग होगी कीमत तेल कंपनियों के अनुसार, अलग अलग शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अलग हो सकती है। इसकी वजह स्थानीय टैक्स, परिवहन लागत और अन्य खर्च हैं। पहले बढ़े थे दाम, अब मिली राहत गौरतलब है कि 1 जून को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़ाए गए थे। वहीं, 7 जून को घरेलू एलपीजी सिलेंडर भी 29 रुपये महंगा हुआ था। पिछले कुछ महीनों में पश्चिम एशिया में तनाव और आपूर्ति प्रभावित होने के कारण एलपीजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें नरम पड़ने के बाद तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटाकर कारोबारियों को राहत दी है।