Full Story

सुपौल। बिहार में सुपौल जिले के जदिया थाना में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर पिटाई कर हत्या का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-91) जाम कर प्रदर्शन किया वहीं पुलिस का कहना है कि युवक हाजत में फंदे से लटका मिला था। शराब के नशे में हंगामे की सूचना पर पहुंची थी पुलिस पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि जदिया थाना क्षेत्र की कौरियापट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी 25 वर्षीय बिट्टू कुमार के परिजनों ने मंगलवार रात डायल 112 पर सूचना दी थी कि वह शराब के नशे में घर के लोगों को परेशान कर रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस युवक (25) को हिरासत में लेकर थाने ले आई। युवक को हाजत में रखा गया था तथा उसे कंबल और कपड़े भी उपलब्ध कराए गए थे। सुबह हाजत में फंदे से लटका मिला युवक सूत्रों ने बताया कि बुधवार सुबह थाने के चौकीदार ने युवक को हाजत के अंदर फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की। परिजनों का आरोप- थाने में पिटाई से हुई मौत घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की पिटाई से बिट्टू कुमार की मौत हुई है और इसे आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जा रहे वाहन से उतार लिया और राष्ट्रीय राजमार्ग-91 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस विरोधी नारेबाजी भी की गई। तीन घंटे तक बाधित रहा यातायात सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फोरेंसिक जांच और न्यायिक जांच के आदेश पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, शव का पोस्टमॉर्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाएगी और यदि जांच में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।