Full Story
पटना: बिहार के पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना स्थित तीन ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें करीब 1.42 करोड़ रुपये की कथित आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, तीन फ्लैटों के कागजात, 19 बैंक खातों के रिकॉर्ड, नकदी, आभूषण और एक बैंक लॉकर का पता चला है। ज्ञात आय से करीब 75 प्रतिशत अधिक संपत्ति निगरानी ब्यूरो ने शनिवार को बताया कि अवधेश कुमार सिन्हा के खिलाफ 1 करोड़ 41 लाख 90 हजार रुपये की कथित अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। एजेंसी का दावा है कि यह राशि उनकी कुल ज्ञात आय से करीब 75 प्रतिशत अधिक है। इस संबंध में निगरानी थाना कांड संख्या 084/26 दर्ज किया गया। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज हुआ है। फ्रेंड्स कॉलोनी की जमीन और मकान से जुड़े कागजात मिले तलाशी के दौरान पटना के आशियाना नगर स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में जमीन से संबंधित दस्तावेज मिलने की बात कही गई है। दस्तावेजों में जमीन की खरीद कीमत 75.63 लाख रुपये दर्ज है। जमीन का रकबा दो कट्ठा चार धूर बताया गया है। इसी जमीन पर बने मकान को लेकर एक ठेकेदार के साथ किए गए समझौते का दस्तावेज भी मिला है। इसमें समझौते के समय 20 लाख रुपये के भुगतान और आठ अग्रिम किस्तों में 97 लाख रुपये दिए जाने का उल्लेख है। इसके अलावा 75.62 लाख रुपये मूल्य के एक अन्य जमीन समझौते के कागजात भी मिले हैं। कैश, सोना-चांदी और बैंक लॉकर भी जांच के दायरे में निगरानी ब्यूरो ने तलाशी के दौरान निम्न सामान और दस्तावेज मिलने का दावा किया है— * ₹61 हजार नकद * करीब ₹5.05 लाख मूल्य के सोने के आभूषण * करीब ₹3.07 लाख मूल्य के हीरा जड़ित सोने के आभूषण * करीब ₹1.52 लाख मूल्य के चांदी के आभूषण * 12 डीड से संबंधित कागजात * 19 बैंक खातों के दस्तावेज * विभिन्न बीमा योजनाओं में निवेश के कागजात * तीन फ्लैटों से जुड़े दस्तावेज * एक हुंडई कार निगरानी को केनरा बैंक के एक लॉकर की भी जानकारी मिली है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी कर लॉकर खुलवाया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार के नाम खरीदी गई संपत्तियों की भी पड़ताल निगरानी का कहना है कि तलाशी में आरोपी अधिकारी और उनके परिजनों के नाम से अर्जित कथित संपत्तियों तथा निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। अब बैंक खातों, जमीन के कागजात, फ्लैट, बीमा निवेश, वाहन और लॉकर की विस्तृत जांच की जाएगी।



Comments
0