Full Story

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में नेपाल सीमा से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 190.635 किलोग्राम गांजा और 300 ग्राम स्मैक बरामद की है। सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि हरैया और सुगौली थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने तीन नेपाली नागरिकों समेत सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल तीन एसयूवी भी जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थों का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब दो करोड़ रुपये है। एसयूवी की छत में बनाया था ‘नशे का तहखाना’ हरैया थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि नेपाल से मैत्री पुल के रास्ते दो एसयूवी वाहनों में गांजे की बड़ी खेप रक्सौल पहुंचाई जा रही है। सूचना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल के नेतृत्व में टीम गठित कर मैत्री पुल के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। दंडाधिकारी की मौजूदगी में हुई तलाशी के दौरान बीआर25पी6481 नंबर की एसयूवी की छत की सीलिंग में बनाए गए गुप्त तहखाने से लाल प्लास्टिक में पैक 12 पैकेटों में 98.845 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं बीआर05पी2628 नंबर की दूसरी एसयूवी की छत में बने तहखाने से 17 पैकेटों में 91.800 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों वाहनों से बरामद गांजे की कुल मात्रा 190.635 किलोग्राम है। नेपाल के तीन नागरिक गिरफ्तार इस मामले में नेपाल के परसा जिले के पोखरिया निवासी विष्णुदेव पटेल तथा बारा जिले के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र निवासी रंजन पासवान और शिवचंद्र साह कानू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी है। लखनऊ से आई स्मैक की खेप सुगौली में पकड़ी गई दूसरी बड़ी कार्रवाई सुगौली थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने 300 ग्राम स्मैक के साथ चार कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक एसयूवी भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलनवा थाना क्षेत्र के पिपरिया निवासी रामप्रवेश यादव, रामगढ़वा थाना क्षेत्र के पंचभिडिया निवासी सुमन यादव तथा पश्चिम चंपारण के कंगली थाना क्षेत्र के सुगहां भवानीपुर निवासी छबीला यादव और सिपाही महतो के रूप में हुई है। वर्तमान कार्रवाई में बरामद 300 ग्राम स्मैक का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये आंका गया है। पहले भी बरामद हुई स्मैक के नामजद हैं आरोपी सुगौली थानाध्यक्ष श्री सिंह के अनुसार, स्मैक की खेप लखनऊ से लाई जा रही थी। उन्होंने बताया कि रामप्रवेश यादव और सुमन यादव चिरैया थाना कांड संख्या 333/2025 में नामजद आरोपी हैं और करीब एक वर्ष से फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार एक अगस्त 2025 को चिरैया थाना क्षेत्र में 500 ग्राम स्मैक बरामद की गई थी। तस्करी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी पुलिस दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नेपाल और उत्तर प्रदेश से बिहार तक मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने वाले नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई चेन, स्थानीय कनेक्शन और मुख्य संचालकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।