Full Story

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1,423.94 करोड़ रुपये हस्तांतरित करते हुए घोषणा की कि अब राज्य में प्रत्येक माह की 10 तारीख ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाई जाएगी और इसी दिन सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में पेंशन राशि भेजी जाएगी। एक क्लिक में करोड़ों की राशि ट्रांसफर, लाखों परिवारों को राहत श्री चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के लाभार्थियों, जिलाधिकारियों और अधिकारियों की मौजूदगी में यह राशि जारी की। इस भुगतान में तीनों राज्य पेंशन योजनाओं के जून 2026 और तीनों एनएसएपी पेंशन योजनाओं के मई एवं जून 2026 की राशि शामिल है। उन्होंने कहा कि यह केवल धनराशि का हस्तांतरण नहीं, बल्कि सरकार की पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित जनकल्याणकारी व्यवस्था का मजबूत उदाहरण है। हर महीने की 10 तारीख को खातों में पहुंचेगी पेंशन मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य में प्रत्येक माह की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि समय पर पहुंच जाए । उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ पेंशन देना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र व्यक्ति को सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिले । सरकार का दावा: छूटे हुए लोगों को अभियान चलाकर योजनाओं से जोड़ा जाएगा श्री चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र लाभार्थी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से बाहर नहीं रहना चाहिए । इसके लिए सहयोग शिविर कार्यक्रम और पंचायत विकास दिवस के दौरान लोगों से संवाद कर छूटे हुए पात्र लोगों की पहचान की जाए और उन्हें योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं है , उनका आधार जल्द से जल्द लिंक कराया जाए, ताकि पेंशन भुगतान में किसी तरह की रुकावट न आए। 400 से 1100 रुपये तक बढ़ी पेंशन, सरकार ने गिनाई उपलब्धि मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं है, बल्कि समाज के गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग, वंचित और जरूरतमंद लोगों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये किए जाने से लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों, बुजुर्गों और वंचितों की सामाजिक सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी गई है और बिहार में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े सभी जिले, कार्यक्रम में कई मंत्री और अधिकारी मौजूद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी , उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव , समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता , मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार , मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत , समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास , मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह , संजय कुमार सिंह और सामाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ. प्रीति सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।