Full Story
लोनाटो (इटली)। भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने दबाव से भरे रोमांचक फाइनल में पूर्व विश्व चैंपियन फ्रांस की करोल कॉर्मेनियर को आखिरी पलों में मात देकर आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप 2026 की महिला ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतते हुए अपने करियर का पहला व्यक्तिगत वर्ल्ड कप मेडल और भारत को टूर्नामेंट का पहला पदक दिला दिया। क्वालिफिकेशन में नंबर-1, फाइनल में भी बरकरार रखा दबदबा नीरू ने शुरुआत से ही शानदार लय दिखाई। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 125 में से 121 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में भी उनका आत्मविश्वास साफ नजर आया और वह आसानी से टॉप-3 में पहुंचकर पदक पक्का करने में सफल रहीं। आखिरी दो निशानों में पलटा मुकाबला, नीरू ने दिखाया चैंपियन वाला दम स्वर्ण पदक की लड़ाई में मुकाबला बेहद कांटे का रहा। नीरू और फ्रांस की करोल कॉर्मेनियर आखिरी दो निशानों से पहले 25-25 की बराबरी पर थीं। दबाव के इस सबसे बड़े पल में फ्रांसीसी निशानेबाज से चूक हो गई लेकिन नीरू ने संयम नहीं खोया और सटीक निशाने लगाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यही धैर्य और सटीकता उन्हें गोल्ड मेडल तक ले गई। इटली की सेसा को कांस्य, ओलंपिक रजत विजेता रहीं खाली हाथ मेजबान इटली की पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन एरिका सेसा ने कांस्य पदक जीता। वहीं, पेरिस ओलंपिक 2024 की रजत पदक विजेता और घरेलू दावेदार सिलवाना स्टैंको का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वह फाइनल में सबसे पहले बाहर हो गईं और आठवें स्थान पर रहीं। मनीषा कीर पदक राउंड से चूकीं, पुरुष टीम रही निराश भारत की मनीषा कीर ने भी अच्छा प्रयास किया लेकिन क्वालिफिकेशन में 10वें स्थान पर रहने के कारण वह पदक राउंड में जगह नहीं बना सकीं। पुरुष ट्रैप स्पर्धा में भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। कायनन चेन्नई 71वें स्थान पर रहे जबकि केवल रैंकिंग पॉइंट्स के लिए खेल रहे पृथ्वीराज टोंडाइमान 32वें स्थान के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय रहे। इससे पहले स्कीट स्पर्धा में भी भारत का कोई पुरुष या महिला खिलाड़ी फाइनल में नहीं पहुंच सका था। भारत के लिए बड़ी राहत बनी नीरू की जीत इस साल शॉटगन वर्ल्ड कप में भारत का इससे पहले एकमात्र पदक अल्माटी चरण में मिश्रित ट्रैप स्पर्धा का कांस्य था, जिसे नीरू ढांडा और विवान कुमार की जोड़ी ने जीता था। अब लोनाटो में स्वर्ण जीतकर नीरू ने भारत के अभियान को नई चमक दे दी है। अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले मिक्स्ड ट्रैप मुकाबले पर रहेंगी, जहां भारतीय निशानेबाज एक और पदक जीतकर अभियान का शानदार समापन करने की कोशिश करेंगे।



Comments
0