Full Story
नई दिल्ली। इलेक्ट्रिक कार खरीदने की चाह रखने वाले ज्यादातर लोगों के मन में एक सवाल जरूर होता है कि सफर के दौरान चार्जिंग स्टेशन कहां मिलेगा और हर कंपनी के अलग-अलग ऐप व पेमेंट सिस्टम के झंझट से कैसे निपटेंगे? किआ इंडिया ने अपनी नई किआ साइरोस ईवी के साथ इसी परेशानी का समाधान पेश करने का दावा किया है। कंपनी ने साइरोस ईवी का अनावरण करते हुए बताया कि इसके साथ मिलने वाला के-चार्ज प्लेटफॉर्म देशभर के 20,300 से अधिक चार्जिंग पॉइंट और 23 प्रमुख चार्जिंग नेटवर्क को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ता है। इससे चालक एक ही ऐप और एक ही डिजिटल वॉलेट के जरिए चार्जिंग स्टेशन खोजने, वहां तक पहुंचने और भुगतान करने जैसी सभी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। हर कंपनी का अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं कंपनी के मुताबिक, साइरोस ईवी के साथ मिलने वाला मायकिआ ऐप सार्वजनिक चार्जिंग को पहले के मुकाबले काफी आसान बना देगा। अभी तक कई चार्जिंग नेटवर्क का इस्तेमाल करने के लिए अलग-अलग मोबाइल ऐप और भुगतान प्रणाली की जरूरत पड़ती है, लेकिन के-चार्ज इन सभी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा। इससे ग्राहक बिना किसी अतिरिक्त झंझट के पूरे देश में चार्जिंग सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। लंबी यात्रा में भी नहीं होगी चार्जिंग की चिंता किआ का कहना है कि के-चार्ज सिस्टम का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन चालकों की सबसे बड़ी समस्या 'रेंज एंग्जायटी' यानी बैटरी खत्म होने और चार्जिंग न मिलने की चिंता को कम करना है। ऐप के जरिए चालक रास्ते में उपलब्ध चार्जिंग स्टेशन आसानी से खोज सकेंगे, वहां तक पहुंचने का मार्ग देख सकेंगे और चार्जिंग पूरी होने के बाद उसी ऐप से भुगतान भी कर पाएंगे। इससे लंबी दूरी की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होने का दावा किया गया है। देशभर में मजबूत सर्विस और चार्जिंग नेटवर्क सिर्फ ऐप ही नहीं, कंपनी ने अपने नेटवर्क को भी मजबूत बनाने का दावा किया है। किआ के अनुसार, देशभर में 129 से अधिक डीलरशिप उच्च क्षमता वाले डीसी फास्ट चार्जर से लैस हैं। इसके अलावा 275 से ज्यादा ईवी-रेडी वर्कशॉप ग्राहकों को सर्विस और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएंगी। कंपनी का कहना है कि इससे ग्राहकों को शहरों के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा के दौरान भी बेहतर सहयोग मिलेगा। तकनीक और लग्जरी का भी मिलेगा साथ चार्जिंग इकोसिस्टम के अलावा किआ साइरोस ईवी में कई प्रीमियम सुविधाएं भी दी गई हैं। इसमें 30 इंच का ट्रिनिटी पैनोरमिक डिस्प्ले , 95 से अधिक कनेक्टेड फीचर , ओवर-द-एयर (ओटीए) सॉफ्टवेयर अपडेट , वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले , हार्मन कार्डन का 8-स्पीकर प्रीमियम साउंड सिस्टम , डिजिटल-की , वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर , पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड सीटें जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सुरक्षा के लिए 41 आधुनिक फीचर नई इलेक्ट्रिक एसयूवी में सुरक्षा पर भी खास ध्यान दिया गया है। इसमें लेवल-2 एडीएएस के साथ 16 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस फीचर दिए गए हैं, जिनमें फ्रंट कोलिजन अवॉइडेंस, स्मार्ट क्रूज कंट्रोल, लेन कीपिंग असिस्ट और ड्राइवर अटेंशन वार्निंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा 25 मानक सुरक्षा फीचर , छह एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा , ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक और इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। रेंज और परफॉर्मेंस में भी दमदार किआ साइरोस ईवी दो बैटरी विकल्पों के साथ आएगी। 51.4 किलोवाट-घंटा बैटरी पैक वाला मॉडल एक बार चार्ज करने पर 526 किलोमीटर तक की एआरएआई-प्रमाणित रेंज देने का दावा करता है, जबकि 42 किलोवाट-घंटा बैटरी पैक के साथ 443 किलोमीटर तक की रेंज मिलेगी। कंपनी के मुताबिक, 100 किलोवाट डीसी फास्ट चार्जर से बैटरी को 39 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकेगा। इसके साथ 171 पीएस की ताकत और 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार सिर्फ 8.1 सेकेंड में पकड़ने का भी दावा किया गया है। इलेक्ट्रिक वाहन चलाना होगा पहले से ज्यादा आसान कंपनी का कहना है कि किआ साइरोस ईवी सिर्फ एक नई इलेक्ट्रिक एसयूवी नहीं, बल्कि ऐसा इकोसिस्टम है जिसका मकसद इलेक्ट्रिक वाहन चलाने के अनुभव को आसान, भरोसेमंद और सुविधाजनक बनाना है। के-चार्ज प्लेटफॉर्म, बड़ा चार्जिंग नेटवर्क और एकीकृत डिजिटल सिस्टम के जरिए किआ उन चुनौतियों को कम करने की कोशिश कर रही है, जिनकी वजह से अब भी कई ग्राहक इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने से हिचकते हैं।



Comments
0