Full Story
नई दिल्ली। इंडिया में ग्रीन ट्रांसपोर्ट और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए हीरो मोटोकॉर्प ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिलों स्प्लेंडर प्लस फ्लेक्स फ्यूल और एचएफ डीलक्स फ्लेक्स फ्यूल को बाजार में उतारा है, जिसे केवल नई मोटरसाइकिलों की एंट्री नहीं बल्कि इंडिया में एथेनॉल आधारित मोबिलिटी के नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है। अब पेट्रोल ही नहीं, एथेनॉल पर भी दौड़ेगी स्प्लेंडर हीरो मोटोकॉर्प ने स्प्लेंडर प्लस फ्लेक्स फ्यूल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 82,710 रुपये रखी है। बाइक में 97.2cc का इंजन दिया गया है, जो इ85 एथेनॉल ईंधन पर 8 हॉर्सपावर की पावर और 8.3 न्यूटन मीटर का टॉर्क पैदा करता है। यह मोटरसाइकिल E20 से लेकर E85 तक के एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर आसानी से चल सकती है। कंपनी ने इसमें i3S (आइडल स्टॉप-स्टार्ट सिस्टम), नया डिजिटल-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, साइड स्टैंड इंजन कट-ऑफ, ट्यूबलेस टायर और एथेनॉल के अनुरूप अपग्रेडेड ईसीयू एवं फ्यूल सिस्टम जैसे फीचर्स दिए हैं। बाइक को नए ब्लैक विद लाइम येलो ग्राफिक्स रंग संयोजन में पेश किया गया है। एचएफ डीलक्स भी अब फ्लेक्स-फ्यूल अवतार में स्प्लेंडर के साथ ही कंपनी ने एचएफ डीलक्स फ्लेक्स फ्यूल को भी लॉन्च किया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 72,792 रुपये रखी गई है। इसमें भी 97.2cc का इंजन मिलता है, जो ई85 ईंधन पर 8 हॉर्सपावर की शक्ति और 8.3 न्यूटन मीटर का टॉर्क प्रदान करता है। यह बाइक भी ई20 से ई85 तक के एथेनॉल मिश्रण पर चलने में सक्षम है। क्या है फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक? फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक ऐसी प्रणाली है, जिसमें वाहन पेट्रोल और एथेनॉल के विभिन्न मिश्रणों पर बिना किसी तकनीकी बदलाव के चल सकता है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि उपभोक्ताओं को ईंधन के ज्यादा विकल्प मिलते हैं और पेट्रोल पर निर्भरता कम होती है। विशेषज्ञों के अनुसार, एथेनॉल आधारित ईंधन का इस्तेमाल बढ़ने से कच्चे तेल के आयात में कमी आएगी, जिससे देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी। साथ ही गन्ना और अन्य कृषि उत्पादों से बनने वाले एथेनॉल की मांग बढ़ने से किसानों की आय में भी इजाफा हो सकता है। सरकार के ग्रीन मोबिलिटी मिशन को मिलेगा बल केंद्र सरकार लंबे समय से एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम को बढ़ावा दे रही है। सरकार का लक्ष्य पेट्रोल में एथेनॉल की हिस्सेदारी बढ़ाकर आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करना और प्रदूषण में कमी लाना है। ऐसे में हीरो मोटोकॉर्प की यह पहल सरकार के ग्रीन मोबिलिटी और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देने वाली मानी जा रही है। क्यों खास है यह लॉन्च? स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कम्यूटर मोटरसाइकिलों में शामिल हैं। ऐसे में इनके फ्लेक्स-फ्यूल संस्करणों के लॉन्च होने से एथेनॉल आधारित वाहनों को बड़े पैमाने पर अपनाने का रास्ता खुल सकता है। ऑटो उद्योग के जानकारों का मानना है कि यदि ग्राहकों को यह तकनीक पसंद आती है, तो आने वाले वर्षों में फ्लेक्स-फ्यूल दोपहिया वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ सकता है। इंडिया में वैकल्पिक ईंधन आधारित मोबिलिटी की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जो पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने जैसे कई लक्ष्यों को एक साथ साधने की क्षमता रखता है।



Comments
0