Full Story

पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने पेपर लीक विरोधी आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों और अपने बड़े भाई तेजप्रताप यादव की सोमवार तक रिहाई तथा उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेने पर राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी देते हुए राज्य सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाया। 24 दिन बाद लौटे, एयरपोर्ट से ही सरकार पर हमला श्री यादव ने 24 दिनों की विदेश यात्रा से लौटने के बाद रविवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य सरकार पर लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का आरोप लगाया और कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे थे लेकिन उनकी मांगें सुनने के बजाय सरकार ने उन्हें जेल भेज दिया। तेजप्रताप पर बेवजह लगाई गईं गंभीर धाराएं नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उनके बड़े भाई और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव के खिलाफ बिना किसी ठोस आधार के गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन को कुचलने के लिए कानून का दुरुपयोग कर रही है। दिल्ली में केस वापस, बिहार में जेल राजद नेता ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के बाद सरकार ने उनकी मांगें मानते हुए मुकदमे वापस लेने का फैसला किया, लेकिन बिहार में इसके उलट आंदोलनकारी छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। हजारों छात्रों पर एफआईआर, सीवान गोलीकांड पर भी सवाल श्री यादव ने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल हजारों छात्रों के खिलाफ गैरकानूनी तरीके से एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने सीवान में हुई गोलीबारी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि तीन छात्र घायल हुए हैं और सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए। पेपर लीक पर सरकार को घेरा नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि पिछले 21 वर्षों में बिहार की लगभग हर बड़ी भर्ती परीक्षा पेपर लीक की वजह से विवादों में रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि विपक्ष उनके अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ता रहेगा। वीणा मानवी ने भी उठाए गिरफ्तारी पर सवाल इस बीच, श्री तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की नेता वीणा मानवी ने भी श्री तेज प्रताप यादव और आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि पुलिस सिर्फ "ऊपर से आदेश" का हवाला देकर लोगों को उठा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की मनमानी गिरफ्तारियां बेहद चिंताजनक हैं और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।