Full Story
पटना। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने मंगलवार को इन सीटों के द्विवार्षिक चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। 29 सितंबर से शुरू होगा नामांकन चुनाव आयोग के मुताबिक, निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 06 अक्टूबर तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 07 अक्टूबर को की जाएगी और उम्मीदवारों को 09 अक्टूबर तक नाम वापस लेने का मौका मिलेगा। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी और निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी। इन चार स्नातक सीटों पर होगा चुनाव विधान परिषद के जिन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होना है, उनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं। वर्तमान में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार , दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार , तिरहुत स्नातक से बंशीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एन.के. यादव विधान परिषद के सदस्य हैं। चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी सजेगा चुनावी मैदान शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की जिन चार सीटों पर चुनाव कराया जाएगा, उनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं। फिलहाल पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव , दरभंगा शिक्षक क्षेत्र से डॉ. मदन मोहन झा , तिरहुत शिक्षक क्षेत्र से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद विधान परिषद के सदस्य हैं। चुनावी क्षेत्रों में आचार संहिता लागू चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। अब इन क्षेत्रों में चुनाव से जुड़ी गतिविधियां निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित होंगी। 16 नवंबर को पूरा होगा मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल इन आठों सीटों के वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसे देखते हुए चुनाव आयोग ने कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव कराने का कार्यक्रम तय किया है। आयोग के अनुसार, मतदान और मतगणना सहित निर्वाचन की सभी प्रक्रियाएं 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएंगी।



Comments
0