Full Story
मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी में नेपाल से भारत लायी जा रहीं तीन नाबालिग नेपाली लड़कियों को रविवार की शाम बरामद कर मामले में 23 वर्षीय एक युवक को पकड़ा गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में लड़कियों को प्रलोभन देकर शोषण के उद्देश्य से भारत लाए जाने की आशंका सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। तीनों लड़कियां अपने परिवार को बिना बताए भारत आ रही थीं। बरामद नाबालिगों की सुरक्षा और देखरेख को ध्यान में रखते हुए उन्हें बालिका सुधार गृह, बेतिया भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गिरफ्तार युवक ढाका निवासी पकड़े गए युवक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र के हारूनी गांव निवासी सलाउद्दीन अंसारी (23) के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। जबकि पुलिस के अनुसार, बरामद लड़कियों की पहचान नेपाल के मकवानपुर जिले के रायगांव थाना क्षेत्र निवासी ,ज्योति (15), नवनीत पालीवाल (16) और मनुष्य श्रेष्ठ (17) (सभी नाम काल्पनिक) के रूप में हुई है। तीनों नाबालिग हैं। इलेक्ट्रिक स्कूटी, पांच मोबाइल और दस्तावेज बरामद संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक इलेक्ट्रिक स्कूटी, पांच मोबाइल फोन, एक पत्र, एक युवक का आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा 510 नेपाली रुपये और 520 भारतीय रुपये भी मिले हैं। शोषण की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगी भूमिका प्रारंभिक पूछताछ में लड़कियों ने परिवार को बिना बताए भारत आने की बात कही है। पुलिस को आशंका है कि उन्हें प्रलोभन देकर शोषण के उद्देश्य से भारत लाया जा रहा था। मामले में पकड़े गए युवक की भूमिका और लड़कियों को भारत लाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, तीनों नाबालिगों को बालिका सुधार गृह, बेतिया भेजने की प्रक्रिया जारी है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Comments
0