Full Story
मुल्लांपुर। कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल के शानदार शतकों के साथ-साथ साई सुदर्शन, ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर की धुआंधार पारी की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित कर दी। दूसरे दिन भारत ने अपने कल के स्कोर तीन विकेट पर 368 रन से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 177 गेंदों में 126 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा। केएल राहुल ने भी शतक लगाकर टीम की मजबूत नींव रखी। वहीं, ऋषभ पंत अपने शतक से चूक गए। उन्होंने 121 गेंदों पर 81 रन बनाए, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल हैं। साई सुदर्शन ने भी 81 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 68 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। कुलदीप यादव 9 रन बनाकर नाबाद लौटे। लंच के बाद भारत को सातवां झटका मानव सुथार (28) के रूप में लगा। इसके बाद मोहम्मद सलीम ने मोहम्मद सिराज (22) को बोल्ड कर अपना छठा विकेट हासिल किया। इसके बाद भारतीय टीम ने 127 ओवर में आठ विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 27 ओवर में 140 रन देकर छह विकेट झटके। वहीं, हशमतउल्लाह शहीदी और जियाउर रहमान को एक-एक विकेट मिला। भारत के विशाल स्कोर ने अब अफगानिस्तान पर बड़ा दबाव बना दिया है। मेहमान टीम को मुकाबले में बने रहने के लिए पहली पारी में मजबूत बल्लेबाजी करनी होगी।



Comments
0