Full Story
मुंबई। पेट्रोलियम समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को लगभग पूरा बताते हुए आज कहा कि ईशा, आकाश और अनंत अंबानी अब समूह के प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं तथा आने वाले समय में यही नई पीढ़ी रिलायंस की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। श्री अंबानी ने शनिवार को कंपनी की 49वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में इसका स्पष्ट संकेत देखने को मिला, जहां अंबानी ने अपने संबोधन का अधिकांश हिस्सा बच्चों ईशा, आकाश और अनंत अंबानी को सौंप दिया। अगली पीढ़ी के हाथों में रिलायंस की कमान रिलायंस के अध्यक्ष ने बताया कि ईशा, आकाश और अनंत अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड में तीन साल पूरे कर चुके हैं और अब कंपनी के प्रमुख कारोबारों का नेतृत्व कर रहे हैं। ईशा अंबानी कंज्यूमर बिजनेस, आकाश अंबानी टेक्नोलॉजी बिजनेस और अनंत अंबानी ऊर्जा कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीनों अलग-अलग क्षेत्रों का नेतृत्व कर रहे हैं लेकिन रिलायंस के समग्र विकास के लिए एक साथ काम कर रहे हैं। ‘तीन शरीर, एक आत्मा है रिलायंस’ श्री अंबानी ने अपने संबोधन में कहा, "ईशा, आकाश और अनंत तीन शरीर हो सकते हैं लेकिन उनकी आत्मा एक है और वह आत्मा रिलायंस है। रिलायंस आज भी अविभाज्य है और हमेशा रहेगी।" उनके इस बयान को कंपनी के भविष्य और परिवार की एकजुटता को लेकर बड़ा संदेश माना जा रहा है। उत्तराधिकार योजना पर जोर रिलायंस के अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी महान कंपनी की पहचान केवल उसके लीडर से नहीं बल्कि उसकी संस्थागत मजबूती और दीर्घकालिक स्थिरता से होती है। इसी सोच के तहत रिलायंस में 5-एस विजन लागू किया जा रहा है, जिसमें पहला और सबसे महत्वपूर्ण तत्व 'सक्सेशन' यानी उत्तराधिकार है। भविष्य को लेकर जताया भरोसा हालांकि मुकेश अंबानी ने साफ किया कि वह आगे भी कंपनी को सक्रिय नेतृत्व देते रहेंगे। उन्होंने शेयरधारकों को भरोसा दिलाया कि रिलायंस का भविष्य न सिर्फ सुरक्षित हाथों में है बल्कि ऐसे नेतृत्व के पास है जो कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की क्षमता रखता है।



Comments
0