Full Story
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने के बाद जंतर मंतर से देश की जनता को ‘किसी एक इंसान को हीरो नहीं बनाने की नई सीख दी और इसी बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि किसी एक व्यक्ति को संविधान से और जनता से बड़ा बनाने की वजह से ही देश का नुकसान हुआ है। मुझे हीरो मत बनाइए, यही गलती देश पहले कर चुका है श्री दीपके ने जंतर-मंतर पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, "धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के लिए मुझे हीरो मत बनाना। किसी एक आदमी को हीरो बनाने की वजह से ही देश का कबाड़ा हुआ है।" उन्होंने कहा कि जब किसी एक व्यक्ति को संविधान, संस्थाओं और देश के नागरिकों से बड़ा बना दिया जाता है, तो उसका परिणाम देश के लिए नुकसानदायक होता है। मोदी सरकार पर सीधा हमला सीजेपी संस्थापक ने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने एक व्यक्ति को संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं से ऊपर रख दिया, जिसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संविधान और संस्थाएं सर्वोपरि होनी चाहिए, न कि कोई एक व्यक्ति। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत, लेकिन आंदोलन जारी रहेगा सीजेपी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत किया लेकिन साफ किया कि छात्रों का आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है। पार्टी नेताओं ने कहा कि जब तक छात्रों की तीनों प्रमुख मांगों पर सरकार लिखित आश्वासन नहीं देती, तब तक जंतर-मंतर पर धरना जारी रहेगा। सरकार के सामने रखी गईं तीन प्रमुख मांगें सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के साथ हुई बैठक में तीन प्रमुख मांगें धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और आंदोलनरत छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने रखी थी। पार्टी के अनुसार, सरकार ने दूसरी और तीसरी मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया था, जबकि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर शनिवार दोपहर तक निर्णय देने की बात कही गई थी। जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने की थी बातचीत सीजेपी ने बताया कि सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की थी। इसके बाद धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की घोषणा हुई। 20 जून से जारी है जंतर-मंतर पर आंदोलन गौरतलब है कि 20 जून से जंतर-मंतर पर छात्रों का धरना और प्रदर्शन जारी है। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुरू हुआ यह आंदोलन अब देश के कई राज्यों तक फैल चुका है। शनिवार को भी बड़ी संख्या में छात्र जंतर-मंतर पर मौजूद रहे और सीजेपी नेताओं ने उन्हें संबोधित किया।



Comments
0