Full Story

नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश विधान परिषद की कुल 28 स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा करते हुए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना कराने का कार्यक्रम आज जारी किया। इन 28 सीटों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 14-14 सीटें शामिल हैं। बिहार में आठ, कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में पांच और उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। 29 सितंबर से नामांकन, 09 अक्टूबर तक नाम वापसी चुनाव आयोग के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी और चुनाव की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से पहले संपन्न कर ली जाएगी। बिहार की आठ सीटों पर होगा मुकाबला बिहार में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों सहित कुल आठ सीटों पर चुनाव होगा। इन सभी सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। पटना स्नातक क्षेत्र से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंशीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक क्षेत्र से डॉ. एन.के. यादव वर्तमान सदस्य हैं। इसी तरह पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक क्षेत्र से अफाक अहमद विधान परिषद के मौजूदा सदस्य हैं। कर्नाटक में चार सीटों पर चुनाव कर्नाटक विधान परिषद की दो स्नातक और दो शिक्षक सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। इन सीटों के वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 11 नवंबर 2026 को पूरा होगा। कर्नाटक दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चिदानंद एम. गौड़ा, कर्नाटक पश्चिम स्नातक से एस.वी. संकनूर, कर्नाटक उत्तर-पूर्व शिक्षक क्षेत्र से शशिल जी. नमोशी और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्री पुट्टन्ना मौजूदा सदस्य हैं। महाराष्ट्र की पांच सीटों पर होगा फैसला महाराष्ट्र में तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों सहित कुल पांच सीटों के लिए मतदान होगा। इन सीटों के सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। औरंगाबाद मंडल स्नातक क्षेत्र से चव्हाण सतीश भानुदासराव, पुणे मंडल स्नातक से अरुण गणपति लाड और नागपुर मंडल स्नातक क्षेत्र से अभिजीत गोविंदराव वंजारी वर्तमान सदस्य हैं। वहीं, अमरावती मंडल शिक्षक क्षेत्र से सरनाइक किरण रामराव और पुणे मंडल शिक्षक क्षेत्र से जयंत दिनकर आसगांवकर विधान परिषद के मौजूदा सदस्य हैं। उत्तर प्रदेश की 11 सीटें भी चुनावी मैदान में उत्तर प्रदेश में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। इन सभी सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल भी 6 दिसंबर 2026 को पूरा होगा। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ मंडल से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी मंडल से आशुतोष सिन्हा, आगरा मंडल से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, मेरठ मंडल से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबाद-झांसी मंडल से डॉ. मान सिंह यादव वर्तमान सदस्य हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ मंडल से उमेश द्विवेदी, वाराणसी मंडल से लाल बिहारी यादव, आगरा मंडल से डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ मंडल से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद मंडल से हरि सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद मंडल से ध्रुव कुमार त्रिपाठी मौजूदा सदस्य हैं। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आचार संहिता लागू निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित सभी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है। अब इन क्षेत्रों में चुनाव से जुड़ी गतिविधियां आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित होंगी।