Full Story

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को चौतरफा बिकवाली के दबाव के बीच बीएसई सेंसेक्स 70.71 अंक टूटकर 78,009.25 अंक पर और एनएसई निफ्टी 29.85 अंक फिसलकर 24,366 अंक पर बंद हुआ, जो 30 जुलाई के बाद उसका सबसे निचला बंद स्तर है। ओपनिंग से क्लोजिंग तक बाजार रहा दबाव में सेंसेक्स की शुरुआत ही कमजोर रही। इंडेक्स 177 अंक की गिरावट के साथ खुला और पूरे दिन लाल निशान में कारोबार करता रहा। बीच में रिकवरी की कोशिश जरूर हुई, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना ज्यादा था कि बाजार संभल नहीं पाया। सिर्फ बड़े शेयर ही नहीं, मिडकैप-स्मॉलकैप भी फिसले अगर आपको लगता है कि सिर्फ बड़ी कंपनियों के शेयर गिरे, तो ऐसा नहीं है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जमकर बिकवाली हुई। निफ्टी मिडकैप-50 में 0.74% की गिरावट रही। निफ्टी स्मॉलकैप-100 भी 0.69% टूट गया। यानी बाजार में ओवरऑल सेंटीमेंट कमजोर नजर आया। किन सेक्टरों ने बिगाड़ा खेल शुक्रवार को लगभग हर सेक्टर दबाव में दिखा। ऑटो, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, एफएमसीजी, आईटी, मेटल, फार्मा, रियल एस्टेट और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयर लाल निशान में बंद हुए। राहत सिर्फ मीडिया और ड्यूरेबल कंज्यूमर गुड्स सेक्टर से मिली, जहां थोड़ी मजबूती देखने को मिली। इन दिग्गज शेयरों ने बढ़ाई टेंशन बाजार की गिरावट में कई बड़े शेयरों ने भी निराश किया। एशियन पेंट्स, इंडिगो, एनटीपीसी, पावरग्रिड, एसबीआई और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा टूटे। इसके अलावा टेक महिंद्रा, सन फार्मा, टाटा स्टील, ट्रेंट, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, टीसीएस, बीईएल और बजाज फिनसर्व भी नुकसान में रहे। इन शेयरों ने बचाई थोड़ी इज्जत पूरे बाजार में गिरावट के बावजूद कुछ शेयर चमके भी। भारती एयरटेल करीब 2.5% चढ़ा, जबकि अदानी पोर्ट्स में 1.82% की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक , टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए। निवेशकों के लिए क्या है संकेत शुक्रवार की ट्रेडिंग ने साफ संकेत दिया कि फिलहाल बाजार में निवेशकों का भरोसा थोड़ा कमजोर पड़ा है। बड़े शेयरों से लेकर मिडकैप और स्मॉलकैप तक बिकवाली दिखना बताता है कि निवेशक फिलहाल सतर्क रणनीति अपना रहे हैं। आने वाले कारोबारी सत्रों में बाजार की दिशा घरेलू और वैश्विक संकेतों के साथ निवेशकों की खरीदारी पर निर्भर करेगी।