Full Story
गया/पटना। बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गया जिले में रिश्वतखोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पनारी पंचायत के चौकीदार मनीष कुमार को 9 हजार रुपये घूस लेते हुए आज गिरफ्तार किया। ब्यूरो सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पनारी निवासी रविंद्र यादव ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि चौकीदार मनीष कुमार उनके परिवार के खिलाफ दर्ज एक मामले से बच्चों का नाम हटाने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले की जांच कराई। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक समीर चंद्र झा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और जाल बिछाया गया। योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने बेलागंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 9 हजार रुपये की रिश्वत ली, निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



Comments
0