Full Story

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही, जहां आईटी शेयरों में भारी बिकवाली के दबाव से बीएसई सेंसेक्स 249.70 अंक और एनएसई निफ्टी 80.50 अंक टूटकर बंद हुए। दिनभर रहा जबरदस्त उतार-चढ़ाव कारोबार के दौरान बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सेंसेक्स एक समय 76,329 अंक के निचले स्तर तक फिसला, जबकि कारोबार के दौरान 77,037 अंक के उच्च स्तर तक पहुंचा। पूरे दिन में सूचकांक में करीब 708 अंकों का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दिखी मजबूती मुख्य सूचकांकों में गिरावट के बावजूद व्यापक बाजार (ब्रॉडर मार्केट) में खरीदारी बनी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.42% और निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.02% की बढ़त के साथ बंद हुए, जिससे निवेशकों की रुचि छोटे और मझोले शेयरों में बनी रही। आईटी सेक्टर सबसे बड़ा दबाव, कई सेक्टरों में बिकवाली मंगलवार के कारोबार में सबसे ज्यादा कमजोरी आईटी सेक्टर में रही। निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.73% लुढ़क गया। इसके अलावा एफएमसीजी, बैंकिंग और मीडिया सेक्टर के शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। वहीं ऑटो, फार्मा, रियल्टी, केमिकल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में खरीदारी का माहौल रहा। इन्फोसिस-टीसीएस समेत आईटी दिग्गजों में बड़ी गिरावट सेंसेक्स की कंपनियों में इन्फोसिस का शेयर करीब 3.5%, टीसीएस 3%, एचसीएल टेक्नोलॉजीज लगभग 2.75% और टेक महिंद्रा 2% तक टूट गए। इसके अलावा आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एसबीआई, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, एलएंडटी, सन फार्मा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए। मारुति रही सबसे बड़ी स्टार, इन शेयरों में आई तेजी गिरावट भरे बाजार में मारुति सुजुकी का शेयर 5% से अधिक उछलकर सबसे बड़ा गेनर रहा। टाइटन में करीब 3%, अडानी पोर्ट्स में लगभग 2% और बजाज फिनसर्व में 1% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा भारती एयरटेल, इंडिगो और ट्रेंट के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।