Full Story

नई दिल्ली। प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में परफॉर्मेंस का तड़का लगाते हुए इंडिया यामाहा मोटर ने 117 किलोमीटर की रेंज, 95.5 किमी/घंटा की टॉप स्पीड, ड्यूल रिमूवेबल बैटरी और बूस्ट मोड जैसे फीचर्स से लैस नया एरॉक्स ई 2.81 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर भारतीय बाजार में उतार दिया है। 117 किलोमीटर की रेंज और 95.5 किमी/घंटा की टॉप स्पीड एरॉक्स ई की सबसे बड़ी खासियत इसकी 117 किलोमीटर की प्रमाणित रेंज और 95.5 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड है। यानी रोजाना ऑफिस, कॉलेज या शहर के लंबे सफर के दौरान बार-बार चार्जिंग की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। स्कूटर में परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर दी गई है, जो 9.4 किलोवॉट की पीक पावर और 48 न्यूटन मीटर टॉर्क जनरेट करती है। इससे स्कूटर को तेज पिकअप मिलता है और ट्रैफिक में ओवरटेक करना भी आसान हो जाता है। बूस्ट मोड से मिलेगा झटपट एक्सीलरेशन यामाहा ने एरॉक्स ई में ईको, स्टैंडर्ड और पावर जैसे तीन राइड मोड दिए हैं। राइडर अपनी जरूरत और ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार इनमें से किसी भी मोड का इस्तेमाल कर सकता है। इसके अलावा स्कूटर में बूस्ट मोड भी दिया गया है, जो जरूरत पड़ने पर तुरंत दमदार एक्सीलरेशन देता है। वहीं रिवर्स मोड तंग जगहों और पार्किंग में स्कूटर को आसानी से निकालने में मदद करता है। ड्यूल रिमूवेबल बैटरी, घर पर भी होगी आसानी से चार्ज एरॉक्स ई में 1.5 किलोवॉट-आवर क्षमता की दो रिमूवेबल बैटरियां दी गई हैं। हर बैटरी को फुल चार्ज होने में लगभग 3 घंटे 10 मिनट का समय लगता है। सबसे खास बात यह है कि बैटरियों को आसानी से निकालकर घर या ऑफिस में चार्ज किया जा सकता है। अगर एक बैटरी चार्ज हो रही हो, तो स्कूटर दूसरी बैटरी के साथ भी चलाया जा सकता है। कंपनी बैटरी पर 3 साल या 30 हजार किलोमीटर की वारंटी भी दे रही है। मैक्सी स्पोर्ट्स डिजाइन देगा अलग पहचान यामाहा ने एरॉक्स ई को अपने मैक्सी स्पोर्ट्स डीएनए के आधार पर डिजाइन किया है। बड़ा बॉडी साइज, एथलेटिक लुक और एक्स-थीम डिजाइन इसे सड़क पर अलग पहचान देते हैं। स्कूटर में एलईडी हेडलाइट , एलईडी टेललाइट , आरामदायक स्पोर्टी राइडिंग पोजिशन और बेहतर एर्गोनॉमिक्स दिए गए हैं, जिससे लंबी राइड भी आरामदायक बनती है। स्मार्ट फीचर्स से भरपूर एरॉक्स ई में सुरक्षा और कनेक्टिविटी दोनों का खास ध्यान रखा गया है। इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम , आगे और पीछे डिस्क ब्रेक , सिंगल-चैनल एबीएस और 5 इंच का कलर टीएफटी डिस्प्ले दिया गया है। इस डिस्प्ले पर टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा मिलती है। वहीं वाई-कनेक्ट मोबाइल ऐप के जरिए राइडर को मेंटेनेंस रिमाइंडर, मल्टी इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले और लास्ट पार्क्ड लोकेशन जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। इसके अलावा स्मार्ट-की सिस्टम और बाहरी चार्जिंग पोर्ट रोजमर्रा के इस्तेमाल को और आसान बनाते हैं। परफॉर्मेंस पसंद करने वाले युवाओं पर कंपनी का फोकस यामाहा का कहना है कि एरॉक्स ई को भारत में ही विकसित किया गया है और इसे ऐसे ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है, जो इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अपनाना चाहते हैं लेकिन परफॉर्मेंस और प्रीमियम अनुभव से कोई समझौता नहीं करना चाहते। फिलहाल इस स्कूटर की बिक्री चुनिंदा शहरों में कंपनी के ब्लू स्क्वायर शोरूम के जरिए शुरू होगी।