Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण ज़िले में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने नेपाल से भारत लाई जा रही 1.005 किलोग्राम चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है वहीं बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। नेपाल के सतगंज से लेकर चला था चरस की खेप जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त को सीमा चौकी चंद्रमण को सूचना मिली थी कि नेपाल के सतगंज से एक तस्कर चरस की खेप लेकर मोटरसाइकिल से भारत में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही एसएसबी ने बिहार पुलिस के साथ इसे साझा किया और संयुक्त कार्रवाई के लिए तीन जवानों की नाका टीम गठित की गई। टीम ने सैनिक रोड के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध तस्कर का इंतजार शुरू किया। नाका देखते ही बढ़ाई बाइक की रफ्तार कुछ देर बाद नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक भारत की तरफ आता दिखाई दिया। उसके हाथ में नारंगी रंग का नायलॉन कैरी बैग था। नाका टीम की नजर पड़ते ही उसने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। जवानों ने पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बैग को खोलने पर उसमें नीली प्लास्टिक में लिपटे दो पैकेट मिले। जांच करने पर एक पैकेट में 500 ग्राम और दूसरे में 505 ग्राम चरस बरामद हुई। कुल बरामदगी 1.005 किलोग्राम रही। पूछताछ में खुला डिलीवरी का राज गिरफ्तार युवक की पहचान मेवालाल राम, पिता स्वर्गीय भगवत राम, निवासी झिटकहिया, वार्ड संख्या-1, थाना आदापुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह चरस नेपाल के सतगंज से लेकर आया था और इसे झिटकहिया निवासी बलराम गिरि (50) को सौंपना था। इस जानकारी के बाद जांच एजेंसियां अब तस्करी के नेटवर्क और खेप के संभावित खरीदार समेत इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। सीमा पार मादक पदार्थ नेटवर्क पर शिकंजा भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी सुरक्षा एजेंसियों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है। ऐसे में एसएसबी और बिहार पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। गिरफ्तार तस्कर, बरामद चरस और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए महुआवा थाना को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



Comments
0