Full Story

मुंबई। अभिनेता और व्यवसायी राज कुंद्रा ने पोर्नोग्राफी मामले में पिछले पांच वर्षों से लंबित कानूनी कार्यवाही को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि हर बार जब मामला अंतिम सुनवाई या सुरक्षित आदेश की स्थिति तक पहुंचता है, संबंधित न्यायाधीश के तबादले या पदोन्नति के कारण पूरी प्रक्रिया नए सिरे से शुरू करनी पड़ती है, जिससे न्याय मिलने में लगातार देरी हो रही है। हर बार फिर से शुरुआत करनी पड़ती है राज कुंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर लिखा, "पिछले पांच सालों से वह न्याय का इंतजार कर रहे हैं लेकिन हर बार मामला अंतिम चरण में पहुंचते ही न्यायाधीश बदल जाते हैं। इसके बाद पूरी प्रक्रिया दोबारा शुरू होती है, जिससे समय और खर्च दोनों लगातार बढ़ते जा रहे हैं।" आम लोगों की मुश्किलें सोचकर दिल दुखता है राज कुंद्रा ने कहा कि अगर इतने संसाधनों के बावजूद यह प्रक्रिया उनके लिए इतनी थकाने वाली है तो उन आम लोगों की स्थिति कितनी कठिन होगी, जिनके पास लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए पर्याप्त साधन भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी अब सिर्फ कानूनी नहीं बल्कि मानवीय समस्या बन चुकी है। न्याय व्यवस्था पर भरोसा है, लेकिन बदलाव जरूरी अपनी नाराजगी जाहिर करने के साथ ही राज कुंद्रा ने भारतीय न्याय व्यवस्था पर भरोसा भी जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें कानून और अदालतों पर पूरा विश्वास है लेकिन ऐसा समाधान निकाला जाना चाहिए जिससे जजों के तबादले के कारण वर्षों पुरानी सुनवाई हर बार शून्य से शुरू न करनी पड़े। अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा, "न्याय इस बात पर निर्भर नहीं होना चाहिए कि आपको कितनी बार फिर से शुरुआत करने के लिए मजबूर किया जाता है। #सब्र #वाहेगुरु।" 2021 से चल रहा है मामला गौरतलब है कि वर्ष 2021 में राज कुंद्रा पर मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए अश्लील सामग्री के वितरण का आरोप लगा था। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार कर 63 दिनों तक आर्थर रोड जेल में रखा गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई। राज कुंद्रा लगातार कहते रहे हैं कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया और अदालत में अब तक उनके खिलाफ कोई आरोप सिद्ध नहीं हुआ है। मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है। पहले भी शिल्पा शेट्टी का नाम घसीटने पर जताई थी नाराजगी इससे पहले भी राज कुंद्रा ने मीडिया की उन रिपोर्टों पर आपत्ति जताई थी, जिनमें उनकी पत्नी शिल्पा शेट्टी का नाम उनके कानूनी मामले से जोड़ा गया था। उन्होंने कहा था कि उनका परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा है और वह चाहते हैं कि चर्चा केवल अदालत की प्रक्रिया और फैसले तक सीमित रहे, न कि बेबुनियाद अटकलों पर।