Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार में धकेले जाने की आशंका ने पुलिस को झकझोर दिया है। छतौनी थाना क्षेत्र के बैंक रोड स्थित विद्या राज होटल में पुलिस ने छापेमारी कर चार नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। मामले में होटल संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, उसे गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में चार नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार कराने के उद्देश्य से लाया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छतौनी पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम गठित की गई। होटल में पहुंची संयुक्त टीम, चार नाबालिगों को कराया मुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चारों नाबालिग लड़कियों को सकुशल मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने मौके से होटल संचालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव कुमार, होटल संचालक, बैंक रोड छतौनी; शेख इंताफ, लक्ष्मीपुर मधुमलती, सुगौली; नीरज कुमार, किशुनपुर, पिपराकोठी और रौशन कुमार, लक्ष्मीपुर गदरिया, रघुनाथपुर के रूप में हुई है। 7 मोबाइल और होटल का एंट्री रजिस्टर जब्त पुलिस ने होटल से सात मोबाइल फोन और एंट्री रजिस्टर भी जब्त किया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि नाबालिग लड़कियों को होटल तक कौन लाया, उन्हें किस उद्देश्य से यहां रखा गया था और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मानव तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई छापेमारी दल में छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह , मानव तस्करी विरोधी इकाई के प्रभारी सर्वेन्द्र कुमार, महिला थानाध्यक्ष मोना कुमारी तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि शामिल थे। चार नाबालिगों का एक साथ होटल से मुक्त कराया जाना इस बात की ओर गंभीर संकेत करता है कि पुलिस अब केवल मौके पर मौजूद आरोपियों तक सीमित नहीं रहकर नाबालिगों की तस्करी और उनके शोषण से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। जांच में जब्त मोबाइल फोन और होटल रजिस्टर अहम सुराग साबित हो सकते हैं।



Comments
0