Full Story

पटना। बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड ( बीएसईआईडीसीएल ), पूर्णिया के कार्यपालक अभियंता द्विजेन्द्र कुमार मिश्र को 1.04 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए आज रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तारी गुरुवार को पटना के बेली रोड, नेहरू पथ स्थित पटना जू के पास गोल्फ क्लब गेट के बगल से की गई। इसके बाद रूपसपुर स्थित उनके आवास की तलाशी में 8.36 लाख रुपये अतिरिक्त नकद , करीब एक करोड़ रुपये के पारिवारिक निवेश के कागजात , एक हुंडई आई-20 कार , दो बैंक लॉकर से जुड़े दस्तावेज और सोने-चांदी के आभूषण मिलने की बात कही गई है। 1.54 करोड़ के भुगतान पर 2 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप ब्यूरो ने बताया कि शिकायतकर्ता राम सागर शर्मा ने आरोप लगाया था कि उन्होंने कटिहार जिले में बीएसईआईडीसीएल के तहत सरकारी विद्यालय में निर्माण से जुड़ा काम कराया था। इस काम का पहला भुगतान एक करोड़ 54 लाख 19 हजार 329 रुपये उनके खाते में आ चुका था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस भुगतान की राशि का 2 प्रतिशत कमीशन मांगते हुए कार्यपालक अभियंता की ओर से तीन लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। सत्यापन में 1.04 लाख रिश्वत मांगने का प्रमाण मिलने का दावा शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी की ओर से ₹1.04 लाख रिश्वत मांगने का प्रमाण मिलने की बात कही गई। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 104/26 , दिनांक 2 सितंबर 2026 दर्ज किया गया और पुलिस उपाधीक्षक विकाश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में धावा दल गठित किया गया। जांच की जिम्मेदारी पुलिस निरीक्षक अनु प्रिया को दी गई। पटना जू के पास बिछाया जाल, रंगे हाथ गिरफ्तारी का दावा निगरानी टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए द्विजेन्द्र कुमार मिश्र को 1.04 लाख रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार करने का दावा किया। उन्हें बेली रोड-नेहरू पथ पर पटना जू के पास गोल्फ क्लब के गेट के बगल से पकड़ा गया। द्विजेन्द्र कुमार मिश्र वर्ष 2021 में जल संसाधन विभाग से कार्यपालक अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वर्ष 2023 से शिक्षा विभाग में टेक्नो फैसिलिटी एंड मैनेजमेंट सर्विसेज नामक आउटसोर्सिंग एजेंसी के जरिए बीएसईआईडीसीएल, पूर्णिया में कार्यपालक अभियंता के पद पर सेवा दे रहे थे। घर की तलाशी में 8.36 लाख नकद गिरफ्तारी के बाद पटना के रूपसपुर स्थित उनके लखन एन्क्लेव आवास की तलाशी ली गई। ब्यूरो ने वहां से 8.36 लाख रुपये अतिरिक्त नकद राशि मिलने की जानकारी दी है। इसके अलावा तलाशी के दौरान एक फ्लैट के अलावा करीब एक करोड़ रुपये के पारिवारिक निवेश से जुड़े कागजात , एक हुंडई आई-20 कार , दो बैंक लॉकर के दस्तावेज और सोने-चांदी के आभूषण मिलने का दावा किया है। आभूषणों का अधिकृत मूल्यांकन कराया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की तलाशी और अनुसंधान जारी है।