Full Story
काकामिगाहारा (जापान)। पेनल्टी कॉर्नर एक्सपर्ट दीपिका के आठ गोल और इशिका की हैट्रिक के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेल 2026 के पूल-बी के अपने शुरुआती मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंदकर अभियान का धमाकेदार आगाज किया। शुरुआत से लेकर अंतिम हूटर तक भारतीय टीम पूरी तरह हावी रही। मुकाबले का अधिकांश हिस्सा उज्बेकिस्तान के हाफ में खेला गया और उसकी रक्षापंक्ति भारतीय खिलाड़ियों के लगातार हमलों के सामने बेबस नजर आई। भारत की ओर से कुल आठ खिलाड़ियों ने गोल किए। सातवें मिनट में खुला खाता, पहले क्वार्टर में चार गोल भारत ने शुरुआती मिनटों से ही उज्बेकिस्तान के गोलपोस्ट पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। छठे मिनट में नवनीत कौर का पहला प्रयास गोलकीपर के पैड से टकराकर नाकाम हो गया, लेकिन इसके ठीक एक मिनट बाद लालरेमसियामी ने मैदानी गोल कर भारत का खाता खोल दिया। आठवें मिनट में दीपिका ने खुले खेल से गोल करते हुए बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद इशिका ने 11वें मिनट में भारत का तीसरा गोल किया। अपना 50वां सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहीं बलजीत कौर ने अगले ही मिनट गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्कोर 4-0 कर दिया। पहले क्वार्टर की समाप्ति तक भारत ने चार गोल की मजबूत बढ़त बना ली थी। दूसरे क्वार्टर में भी जारी रही गोलों की बारिश दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम की रफ्तार और आक्रामकता कम नहीं हुई। नेहा ने 18वें मिनट में मैदानी गोल करके भारत को 5-0 से आगे कर दिया। भारत को 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे दीपिका ने गोल में बदलते हुए मुकाबले का अपना दूसरा गोल किया। इसके एक मिनट बाद नवनीत कौर ने भी स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज करा दिया। दीपिका ने 25वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 8-0 कर दी। हाफ टाइम तक उज्बेकिस्तान की टीम कोई जवाब नहीं दे सकी और भारत आठ गोल की विशाल बढ़त के साथ मैदान से बाहर गया। तीसरे क्वार्टर में आया दीपिका का तूफान मध्यांतर के बाद दीपिका ने अपने खेल को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया। उन्होंने 33वें से 41वें मिनट के बीच लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर गोल दागे। इस जबरदस्त प्रदर्शन से उनके व्यक्तिगत गोलों की संख्या सात हो गई और भारत ने मुकाबले पर पूरी तरह शिकंजा कस लिया। दीपिका के गोलों की झड़ी के बाद इशिका ने 42वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। अगले ही मिनट लालथांतलुआंगी और साक्षी राणा ने एक-एक गोल दागकर उज्बेकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा दीं। तीसरे क्वार्टर का हूटर बजने से ठीक पहले नवनीत कौर ने अपना दूसरा गोल किया। इस गोल के साथ भारत की बढ़त बढ़कर 16-0 हो गई। इशिका की हैट्रिक, दीपिका ने लगाया अंतिम ठप्पा अंतिम क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने आक्रामक तेवर बरकरार रखे। 51वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को लालथांतलुआंगी ने गोल में बदलते हुए मुकाबले का अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद 54वें मिनट में भारत ने दो और गोल दागे। पहले इशिका ने अपना तीसरा गोल करके हैट्रिक पूरी की। फिर दीपिका ने मैदानी गोल करते हुए अपना आठवां और भारत का 19वां गोल दागकर इस शानदार जीत पर अंतिम मुहर लगा दी। दीपिका ने अकेले दागे आठ गोल भारत के कुल 19 गोलों में दीपिका ने आठ और इशिका ने तीन गोल किए। नवनीत कौर तथा लालथांतलुआंगी ने दो-दो गोल दागे। लालरेमसियामी, बलजीत कौर, नेहा और साक्षी राणा ने एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया। दीपिका के आठ गोलों में छह गोल पेनल्टी कॉर्नर से और दो मैदानी खेल से आए। भारतीय खिलाड़ी ने पहले हाफ में तीन, तीसरे क्वार्टर में लगातार चार और अंतिम क्वार्टर में एक गोल किया। सविता के नाम दर्ज हुई खास उपलब्धि भारत की इस एकतरफा जीत के बीच अनुभवी गोलकीपर सविता ने भी एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपने करियर का 320वां सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला। इसके साथ ही सविता ने पूर्व भारतीय स्ट्राइकर वंदना कटारिया के भारतीय महिला हॉकी में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब इंडोनेशिया से होगा सामना उज्बेकिस्तान के खिलाफ 19 गोल की इस शानदार जीत से भारतीय महिला टीम को न केवल पूरे अंक मिले, बल्कि उसके आत्मविश्वास को भी जबरदस्त मजबूती मिली है। पूल-बी के अपने अगले मुकाबले में भारत का सामना इंडोनेशिया से होगा।



Comments
0